कौन हैं नजमुल इस्लाम? जिनकी जिद के चलते बांग्लादेश क्रिकेट में मचा घमासान
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 से मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
यह विवाद इतना बढ़ गया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अधिकारी और खिलाड़ी आमने-सामने आ गए। इस पूरे घटनाक्रम की जड़ में BCB के डायरेक्टर एम नजमुल इस्लाम रहे, जिनके विवादित बयानों और फैसलों के विरोध में बांग्लादेशी क्रिकेटरों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
हालात बिगड़ने के बाद बीसीबी ने नजमुल इस्लाम को डायरेक्टर पद से हटा दिया।
कौन हैं नजमुल इस्लाम?
नजमुल इस्लाम साल 2021 में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के डायरेक्टर बनाए गए थे। वह ढाका मेट्रोपोलिस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए बोर्ड में शामिल हुए और बीसीबी चुनाव में निर्विरोध चुने गए थे।
क्रिकेट प्रशासन के साथ-साथ नजमुल इस्लाम बांग्लादेश की राजनीति और व्यवसाय जगत में भी सक्रिय रहे हैं। हालांकि, गुरुवार 15 जनवरी 2026 को खिलाड़ियों के तीखे विरोध और लगातार विवादों के चलते उन्हें पद से हटा दिया गया।
खिलाड़ियों ने क्यों की हड़ताल?
हाल के दिनों में नजमुल इस्लाम अपने विवादित बयानों को लेकर लगातार चर्चा में रहे। मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से रिलीज किए जाने के बाद उन्होंने भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को लेकर आपत्तिजनक रुख अपनाया।

नजमुल की पहल पर बोर्ड की ओर से यह बयान जारी किया गया कि भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा को खतरा है और इसलिए सभी मैच श्रीलंका में कराए जाएं।
आईसीसी द्वारा इस मांग को खारिज किए जाने के बाद मामला और बिगड़ गया। इसके बाद बीसीबी की ओर से टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेने की धमकी तक दे दी गई।
तमीम इकबाल पर टिप्पणी ने बढ़ाया विवाद
इसी बीच बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल ने बयान दिया कि बीसीबी को भावनाओं में बहकर नहीं, बल्कि समझदारी से टी20 वर्ल्ड कप को लेकर फैसला लेना चाहिए। तमीम के इस बयान पर नजमुल इस्लाम ने सार्वजनिक रूप से उन्हें “भारत का एजेंट” कह दिया। इस टिप्पणी के बाद विवाद और गहरा गया।
कई पूर्व क्रिकेटरों ने नजमुल के बयान को अपमानजनक बताते हुए माफी की मांग की, लेकिन नजमुल अपने रुख पर अड़े रहे। इसके विरोध में खिलाड़ियों ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) का बहिष्कार कर दिया, जिससे 15 जनवरी 2026 को टूर्नामेंट को स्थगित करना पड़ा।
पद से हटाए गए नजमुल
खिलाड़ियों की हड़ताल और बढ़ते दबाव के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आखिरकार नजमुल इस्लाम को डायरेक्टर पद से हटाने का फैसला लिया। इस घटनाक्रम ने बांग्लादेश क्रिकेट में गहरी फूट और प्रशासनिक अस्थिरता को उजागर कर दिया है।
Also Read: कौन हैं स्विंग के ‘किंग’ हेनिल पटेल? U-19 वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में झटके 5 विकेट

