कौन बनेगा ICC वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर? कोहली को इन दिग्गज खिलाड़ियों से मिल रही कड़ी टक्कर

Sandesh Wahak Digital Desk: साल 2025 ICC वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर पुरस्कार के लिए भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को नामांकित किया गया है।

खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड की रेस में विराट इकलौते भारतीय खिलाड़ी हैं। इसी साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद वनडे फॉर्मेट में उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है।

विराट ने अपनी पिछली चार वनडे पारियों में लगातार 50 से ज्यादा रन बनाए हैं।

इन अंतरराष्ट्रीय सितारों से है मुकाबला

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर पुरस्कार के लिए विराट कोहली के अलावा जो रूट, मैथ्यू ब्रीत्जके, शाय होप, डेरिल मिचेल, मैट हेनरी, आदिल रशीद, सिकंदर रजा, मिचेल सैंटनर और जेडन सील्स को भी नामांकित किया गया है।

यह सूची कई दिग्गज और उभरते सितारों से भरी हुई है।

Virat Kohli

नामांकन सूची में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का नाम शामिल न होना सभी को हैरान कर रहा है। खास बात यह है कि साल 2025 में रोहित शर्मा और विराट कोहली के रन लगभग बराबर रहे हैं, इसके बावजूद रोहित इस सूची में जगह नहीं बना पाए।

2025 में विराट का बल्ला बोला जमकर

साल 2025 में विराट कोहली अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय वनडे बल्लेबाज हैं। उन्होंने 13 वनडे मैचों में 651 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 65.10 रहा है। इस दौरान विराट ने 3 शतक और 4 अर्धशतक जड़े हैं।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में विराट कोहली का प्रदर्शन बेहद खास रहा। उन्होंने लगातार दो शतक और एक अर्धशतक लगाया, जिससे पूरी सीरीज में उनके बल्ले से कुल 302 रन निकले।

विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी को तैयार

विराट कोहली अब जल्द ही भारतीय घरेलू लिस्ट-ए टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते नजर आएंगे। वह करीब एक दशक बाद इस टूर्नामेंट में वापसी करेंगे, जिसे लेकर फैंस में खासा उत्साह है।

इसी साल विराट कोहली ने कुमार संगकारा को पीछे छोड़ते हुए वनडे क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। विराट के नाम अब 308 वनडे मैचों में 14,557 रन दर्ज हैं।

ODI में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड

विराट कोहली पहले ही एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। वनडे क्रिकेट में उनके नाम 53 शतक हैं, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड महान सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक लगाए थे।

अब देखना दिलचस्प होगा कि इतने शानदार प्रदर्शन और रिकॉर्ड्स के दम पर क्या विराट कोहली 2025 ICC वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर का खिताब अपने नाम कर पाते हैं या कोई और खिलाड़ी बाजी मारता है।

Also Read: एक बार फिर पाकिस्तान की अनदेखी, ICC से जवाब मांग रहा PCB

Get real time updates directly on you device, subscribe now.