रोहित शर्मा की जगह कौन? इंग्लैंड दौरे पर इस युवा बल्लेबाज को मिल सकता है मौका
Sandesh Wahak Digital Desk: टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज और टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा के संन्यास की घोषणा ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है।

उनके अचानक रिटायरमेंट के बाद न केवल टीम की कप्तानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं, बल्कि यह भी चर्चा का विषय बन गया है कि रोहित की जगह ओपनिंग कौन करेगा।
अब जब भारत को आगामी इंग्लैंड दौरे की तैयारी करनी है, सेलेक्टर्स की नजर युवा खिलाड़ियों पर टिकी हुई है। इस रेस में सबसे आगे नाम आ रहा है साई सुदर्शन का, जिन्होंने आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 मैचों में 638 रन बनाए हैं।
वह टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और टेस्ट टीम में उन्हें मौका मिलने की पूरी संभावना है।
इसके अलावा अभिमन्यु ईश्वरन का नाम भी चर्चा में है। वे लंबे समय से इंडिया ए टीम का हिस्सा रहे हैं और घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। बीसीसीआई इंग्लैंड दौरे के लिए उन्हें भी बतौर ओपनर आजमा सकती है।
गिल और राहुल की नई भूमिकाएं?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुभमन गिल अब टेस्ट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं, जबकि केएल राहुल को मिडिल ऑर्डर में भूमिका दी जा सकती है। यह बदलाव टीम के बल्लेबाज़ी क्रम को फिर से संतुलित करने की कोशिश के तहत हो सकते हैं।
गौरतलब है कि रोहित शर्मा के रिटायरमेंट के कुछ ही दिन बाद विराट कोहली ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, जिससे टीम इंडिया में एक नया युग शुरू होने की संभावना बन गई है।
ऐसे में बीसीसीआई जल्द ही नए टेस्ट कप्तान के नाम का ऐलान भी कर सकती है।

