महिलाओं में क्यों होने लगती है Iron की कमी?
Sandesh Wahak Digital Desk: आयरन (Iron) शरीर के लिए एक बेहद जरूरी मिनरल है। यह हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है, जो खून के जरिए शरीर के हर हिस्से तक ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। महिलाओं के लिए आयरन और भी ज्यादा जरूरी माना जाता है क्योंकि उनके शरीर में खून की जरूरत ज्यादा होती है। आयरन (Iron) की कमी होने पर शरीर कमजोर पड़ने लगता है और रोजमर्रा के काम करना मुश्किल हो जाता है। इससे थकान, कमजोरी और ध्यान लगाने में परेशानी हो सकती है।
दरअसल लंबे समय तक आयरन (Iron) की कमी रहने पर एनीमिया जैसी समस्या भी हो सकती है, जो सेहत के लिए गंभीर मानी जाती है। प्रेगनेंसी के दौरान आयरन की कमी मां और बच्चे दोनों की सेहत को प्रभावित कर सकती है। इसलिए महिलाओं के लिए आयरन का संतुलित स्तर बनाए रखना बहुत जरूरी है।
महिलाओं में Iron की कमी के कारण
जानकर मानते हैं कि महिलाओं में आयरन (Iron) की कमी के कई कारण हो सकते हैं। हर महीने होने वाला पीरियड्स इसका सबसे बड़ा कारण माना जाता है क्योंकि इस दौरान शरीर से खून की कमी हो जाती है। प्रेग्नेंट और ब्रेस्ट फीडिंग के समय भी आयरन की जरूरत बढ़ जाती है, जिसे पूरा न करने पर कमी हो सकती है। इसके अलावा अनहेल्दी डाइट, आयरन युक्त भोजन न करना और गलत खानपान की आदतें भी जिम्मेदार होती हैं। कुछ महिलाओं में पाचन से जुड़ी समस्याओं के कारण आयरन ठीक से अवशोषित नहीं हो पाता। लगातार थकान, तनाव और शरीर की अनदेखी भी आयरन की कमी को बढ़ा सकती है।
Iron की कमी के लक्षण
आयरन (Iron) की कमी होने पर शरीर में कई लक्षण दिखाई देने लगते हैं। सबसे आम लक्षण है लगातार थकान और कमजोरी महसूस होना। इसके अलावा चक्कर आना, सिरदर्द, सांस फूलना और दिल की धड़कन तेज होना भी हो सकता है। त्वचा का पीला पड़ना, बालों का झड़ना और नाखूनों का कमजोर होना भी आयरन की कमी के संकेत हैं। कुछ महिलाओं को हाथ-पैर ठंडे रहने या फोकस करने में परेशानी भी हो सकती है। इन लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
आयरन (Iron) से भरपूर भोजन शामिल करना जरूरी है। हरी पत्तेदार सब्जियां खानी चाहिए। दाल, चना और गुड़ का सेवन लाभकारी है। विटामिन सी युक्त चीजें साथ लेने से आयरन का अवशोषण बेहतर होता है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लेना भी महत्वपूर्ण है।
Alos Read: कितनी होती है क्रिकेट स्टंप्स की लंबाई और कीमत? जानिए ICC ने कब दी थी LED स्टंप्स को मंजूरी

