क्यों बढ़ जाता है सर्दियों में Platelets की गिरावट का खतरा
Sandesh Wahak Digital Desk: सर्दियों के मौसम में कई लोगों की सेहत पर अलग अलग तरह का असर पड़ता है। इस दौरान कुछ लोगों के शरीर में प्लेटलेट्स (Platelets) की संख्या कम होने लगती है। प्लेटलेट्स खून का एक अहम हिस्सा होते हैं जो चोट लगने पर खून को जमाने और शरीर में ज्यादा ब्लीडिंग को रोकने का काम करते हैं। अगर शरीर में प्लेटलेट्स की मात्रा कम हो जाए तो मामूली चोट भी गंभीर बन सकती है। कई बार इसके शुरुआती लक्षण साफ नजर नहीं आते जिससे समय पर पहचान करना मुश्किल हो जाता है।
इम्यूनिटी पर पड़ता है सीधा असर
मौसम बदलने के साथ शरीर की इम्यूनिटी कमजोर होने लगती है और ब्लड सर्कुलेशन पर भी असर पड़ता है। इसके साथ ही वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है जिसका सीधा असर प्लेटलेट्स (Platelets) की संख्या पर पड़ सकता है। सर्दियों में लोग धूप कम लेते हैं पानी कम पीते हैं और शारीरिक गतिविधियां भी घट जाती हैं जिससे शरीर का ब्लड सिस्टम प्रभावित होता है और प्लेटलेट्स कम होने लगते हैं।
आरएमएल हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि के अनुसार ठंड के मौसम में इम्यूनिटी कमजोर होने से वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ता है जिससे प्लेटलेट्स (Platelets) गिरने लगते हैं। जिन लोगों को पहले से कोई पुरानी बीमारी है या जो लंबे समय से दवाइयों का सेवन कर रहे हैं उनमें यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। बच्चों बुजुर्गों और कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों में भी इसका खतरा अधिक रहता है। जो लोग बार बार बीमार पड़ते हैं या सही खानपान नहीं लेते उनमें भी सर्दियों में प्लेटलेट्स कम होने की संभावना बढ़ जाती है।
Platelets कम होने पर दिखते हैं ये संकेत
दरअसल जब शरीर में प्लेटलेट्स (Platelets) की संख्या कम होने लगती है तो इसके कई संकेत सामने आते हैं। बार बार नाक से खून आना मसूड़ों से ब्लीडिंग होना या बिना किसी वजह के शरीर पर नीले काले निशान पड़ना इसके आम लक्षण हैं। छोटी सी चोट पर खून देर तक बहना भी चिंता का संकेत हो सकता है। कई लोगों को लगातार कमजोरी थकान और चक्कर आने की शिकायत भी रहती है। महिलाओं में पीरियड्स के दौरान ज्यादा ब्लीडिंग होना भी प्लेटलेट्स (Platelets) की कमी का संकेत हो सकता है।
अगर इन लक्षणों को समय रहते नहीं समझा गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है। प्लेटलेट्स (Platelets) की लगातार गिरती संख्या शरीर को अंदरूनी रूप से कमजोर बना देती है और गंभीर ब्लीडिंग का खतरा भी बढ़ जाता है।
सर्दियों में ऐसे रखें अपनी सेहत का ध्यान
सर्दियों में संतुलित और पौष्टिक भोजन लेना बेहद जरूरी होता है। गुनगुना पानी पीने की आदत शरीर को अंदर से मजबूत बनाए रखने में मदद करती है। हल्की धूप लेना इम्यूनिटी बढ़ाने में सहायक होता है। वायरल संक्रमण से बचाव करना और पर्याप्त आराम व नींद लेना भी प्लेटलेट्स (Platelets) की गिरावट से बचने के लिए जरूरी है। अगर शरीर में किसी भी तरह के लक्षण नजर आएं तो बिना देर किए डॉक्टर से सलाह लेना सबसे सुरक्षित उपाय होता है।
Also Read: पीएम मोदी ने मनाया पोंगल, बोले- पूरी दुनिया में गूंज रही है तमिल संस्कृति की धमक

