Sunidhi Chauhan के इस 20 साल पुराने गाने पर अब हो रहा विवाद?

Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड की नामी सिंगर सुनिधि चौहान (Sunidhi Chauhan) ने अपने करियर में कई सुपरहिट गाने गाए हैं, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया है। फिल्मों में अपनी दमदार आवाज का जादू बिखेरने के साथ साथ अब वे बड़े स्तर पर लाइव कॉन्सर्ट्स भी कर रही हैं, जिनमें भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं। हालांकि इसी बीच सुनिधि चौहान का एक कॉन्सर्ट विवादों में घिरता नजर आ रहा है।

गोवा कॉन्सर्ट को लेकर प्रशासन का सख्त रुख

दरअसल चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ पंडित राव धारेनवर की शिकायत के बाद गोवा में 25 जनवरी को होने वाले सुनिधि चौहान (Sunidhi Chauhan) के लाइव कॉन्सर्ट को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गोवा में प्रस्तावित इस कॉन्सर्ट से पहले दक्षिण गोवा जिला बाल संरक्षण इकाई ने आयोजकों को प्रिवेंटिव एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी 1919 स्पोर्ट्स क्रिकेट स्टेडियम, वर्ना में होने वाले द अल्टीमेट सुनिधि लाइव कॉन्सर्ट के संदर्भ में दी गई है।

दरअसल प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि बच्चों की मौजूदगी में तम्बाकू और शराब को बढ़ावा देने वाले गाने न बजाए जाएं। चूंकि इस कॉन्सर्ट में पांच साल से ऊपर के बच्चों को एंट्री की अनुमति दी गई है, इसलिए प्रशासन ने इसे बच्चों के हित से जोड़ते हुए यह फैसला लिया है।

शराबी गानों पर आपत्ति

दरअसल इस एडवाइजरी में विशेष तौर पर सुनिधि चौहान (Sunidhi Chauhan) के लोकप्रिय गानों बीड़ी जलाइले और शराबी का जिक्र किया गया है। प्रशासन का मानना है कि ये गाने तम्बाकू और शराब के उपयोग को महिमामंडित करते हैं, जिससे बच्चों और किशोरों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने जुवेनाइल जस्टिस केयर एंड प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन एक्ट 2015 की धारा 3(IV) का हवाला देते हुए कहा कि बच्चों से जुड़े हर फैसले में उनके शारीरिक, मानसिक, नैतिक और भावनात्मक हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

बचपन से गायकी तक Sunidhi Chauhan का करियर

दरअसल सुनिधि चौहान (Sunidhi Chauhan) ने महज पांच साल की उम्र से गाना शुरू कर दिया था और साल 1996 में उन्होंने फिल्मों में अपना पहला गाना गाया। इसके बाद से रिपोर्ट्स के मुताबिक वे करीब पंद्रह सौ गाने गा चुकी हैं। हाल के वर्षों में उन्होंने दुकान, कहां शुरू कहां खतम, औरों में कहां दम था, खुफिया, ड्रीम गर्ल 2 और तू झूठी मैं मक्कार जैसी फिल्मों में अपनी आवाज दी है। इसके अलावा विक्रमादित्य मोटवानी की वेब सीरीज जुबली में भी उनकी गायकी को काफी सराहना मिली थी।

फिलहाल सुनिधि चौहान (Sunidhi Chauhan) अपने लाइव कॉन्सर्ट्स को लेकर काफी व्यस्त हैं और देश के अलग अलग हिस्सों में परफॉर्म कर रही हैं। गोवा में होने वाला यह कॉन्सर्ट भी उन्हीं आयोजनों में से एक है, जिस पर अब प्रशासन की एडवाइजरी के बाद सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

 

Also Read: अमेरिका में 40 डिग्री तापमान और भीषण तूफान से हाहाकार; 8,000 उड़ानें रद्द, 14 करोड़ लोगों पर संकट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.