बिहार में बंद का व्यापक असर, ट्रेन-हाईवे जाम, राहुल-तेजस्वी भी आंदोलन में कूदे
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में महागठबंधन द्वारा बुलाए गए बंद का बुधवार को सुबह से ही व्यापक असर दिख रहा है। राज्य के अलग-अलग इलाकों में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने सड़क और रेल मार्ग जाम कर दिए हैं। कई जगहों पर ट्रेनों को रोका गया, तो कुछ हाईवे भी बंद कर दिए गए। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के भी इस आंदोलन में शामिल होने से बिहार में सियासी सरगर्मी और बढ़ने की संभावना है।
वोटबंदी का आरोप, दलितों-पिछड़ों के वोट काटने की साजिश
दरअसल, बिहार में पिछले कई दिनों से मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण पर सियासी हंगामा मचा हुआ है। विपक्षी दलों का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के ज़रिए दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों और गरीब-मजदूरों के वोट काटने की ‘साजिश’ की जा रही है। विपक्ष ने इसे सीधे तौर पर वोटबंदी बताते हुए इसके खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है।
इस बिहार बंद में कांग्रेस और राजद के अलावा महागठबंधन में शामिल अन्य दल भी हिस्सा ले रहे हैं। बंद के दौरान चुनाव आयोग के इस कथित फैसले का पुरजोर विरोध किया जा रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बुधवार को पटना में इस आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार की जनता से इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की भावुक अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, बिहार बंद और चक्काजाम में शामिल होइए और लोकतंत्र को बचाइए। गरीबों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को वोटर लिस्ट से बाहर करने की चुनाव आयोग और भाजपा की साजिश को हम कामयाब नहीं होने देंगे। आज नहीं जागे तो कल वोट देने का अधिकार भी छिन जाएगा।
कई जिलों में बंद का असर
राज्य के अलग-अलग इलाकों में बुधवार सुबह से ही आंदोलन का असर साफ दिखाई पड़ रहा है।
भोजपुर: बिहिया में पूर्व विधायक दिनेश ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर प्रदर्शन किया। सैकड़ों समर्थकों ने श्रमजीवी एक्सप्रेस और विभूति एक्सप्रेस ट्रेन को रोककर जमकर नारेबाजी की।
दरभंगा: राजद कार्यकर्ताओं ने दरभंगा जंक्शन पर ‘नमो भारत’ ट्रेन का चक्का जाम कर दिया। राजद नेता प्रेमचंद्र उर्फ भोलू यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र की सरकार चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर पुनरीक्षण कार्य करवा रही है।
जहानाबाद: राजद की छात्र इकाई ने भी विरोध प्रदर्शन किया। जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे और ट्रेन को रोक दिया। राजद समर्थकों ने जहानाबाद में रेलवे ट्रैक के अलावा नेशनल हाईवे-83 को भी जाम कर दिया।
Also Read: तालाब से चलकर सीधे बेडरूम तक पहुंचा मगरमच्छ, गांव में मचा हड़कंप

