गुटखा खाने के लिए पैसा न देने पर पत्नी ने तीन बच्चों संग खाया जहर, 3 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: क्या कोई माँ सिर्फ गुटखे के लिए अपने बच्चों को ज़हर देकर खुद भी खा सकती है? यह सवाल मध्य प्रदेश के सतना जिले से सटे उत्तर प्रदेश के इटमा डुडैला गांव में हुई एक दर्दनाक घटना के बाद हर किसी के ज़हन में है। यहां एक महिला ने गुटखा खरीदने के लिए पैसे न मिलने पर अपने तीन मासूम बच्चों को ज़हर खिला दिया और फिर खुद भी खा लिया। इस घटना में मां और दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।

यह घटना इटवां डुडैला थाना क्षेत्र की है। पेशे से ड्राइवर बब्बू यादव ने बताया कि उसकी पत्नी ज्योति यादव (26) गुटखा खाने की आदी थी। शनिवार सुबह गुटखे के पैसों को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। जब बब्बू ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो ज्योति ने गुस्से में आकर अपने बच्चों बुलबुल (1 साल), चंद्रमा (4 साल) और दीपचंद (5 साल) को ज़हरीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद उसने खुद भी ज़हर खा लिया।

दो मासूमों सहित मां की मौत

जब बब्बू शाम को काम से लौटा तो घर में बच्चों और पत्नी को तड़पता देखकर घबरा गया। परिवार के लोग आनन-फानन में सभी को मझगवां अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने बताया कि 1 साल की बुलबुल की पहले ही मौत हो चुकी थी। गंभीर हालत को देखते हुए मां और बाकी दो बच्चों को सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही ज्योति और 4 साल की चंद्रमा ने भी दम तोड़ दिया। डॉ. रूपेश सोनी ने बताया कि 5 साल के दीपचंद की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

बब्बू यादव ने बताया कि वह अपनी पत्नी की गुटखा खाने की आदत से परेशान था और उसने बच्चों के भविष्य को देखते हुए उसे इस आदत को छोड़ने के लिए कहा था। बब्बू ने कहा, मैंने बच्चों के सामने गुटखा खाने पर डांटा और पैसे देने से मना कर दिया। उसने मुझे धमकी दी थी कि अगर पैसे नहीं दिए तो देख लेना। मुझे नहीं पता था कि वह इतना भयानक कदम उठा लेगी।

Also Read: Hapur News: खेत में किसान की संदिग्ध मौत, गांव में मचा हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.