‘पत्नी भी गायब, बेटी भी गायब, उजड़ गया संसार’, नाबालिग बेटी की बरामदगी के लिए पीड़ित पिता पहुंचा कमिश्नर ऑफिस

Sandesh Wahak Digital Desk: न्याय की गुहार लगाते हुए एक पीड़ित पिता आज गुरुवार को वाराणसी कमिश्नर कार्यालय पहुंचा। चोलापुर थाना क्षेत्र के सांई निवासी संजय पाण्डेय (पुत्र स्व. कल्लू पाण्डेय) अपने गले में “पत्नी भी गायब, बेटी भी गायब, उजड़ गया संसार” लिखी तख्ती टांगकर रोते-बिलखते कमिश्नर कार्यालय के सामने खड़े थे। यह मार्मिक दृश्य देखकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप

पीड़ित संजय पाण्डेय ने बताया कि वह अपने छोटे बच्चों के साथ किसी तरह जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 नवंबर 2025 को सुबह लगभग 7:30 बजे, जब उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री स्वीटी पांडे अपनी छोटी बहन के साथ रिंग रोड पर कुछ सामान खरीदने गई थी, तब एक अज्ञात युवक जबरदस्ती उनकी बड़ी बेटी को बाइक पर बैठाकर भगा ले गया।

चोलापुर पुलिस पर गंभीर आरोप

इस संबंध में पीड़ित पिता ने थाना चोलापुर में प्राथमिकी (मु0अ0सं0 450/2025) दर्ज कराई है। हालांकि, उन्होंने चोलापुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण धाराओं को एफआईआर में शामिल नहीं किया है। उनका कहना है कि चोलापुर पुलिस द्वारा उनकी नाबालिग बेटी को बरामद करने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और न ही उन्हें जांच की प्रगति से अवगत कराया जा रहा है।

दुष्कर्म और हत्या की आशंका

पीड़ित ने बताया कि पूर्व में भी उनकी पुत्री के साथ सारनाथ निवासी सूरज (पुत्र अज्ञात) द्वारा दुष्कर्म किया गया था, जिसका मुकदमा अभी भी न्यायालय में चल रहा है। बेटी के गायब होने से उन्हें इस बात का गहरा डर है कि उनकी नाबालिग पुत्री के साथ कोई गलत कार्य करके उसकी हत्या न कर दे। संजय पाण्डेय ने पुलिस कमिश्नर वाराणसी से चोलापुर थाना प्रभारी को उचित कानूनी कार्यवाही का आदेश देने और उनकी नाबालिग पुत्री को जल्द से जल्द बरामद करने की मार्मिक गुहार लगाई है।

रिपोर्ट: मदन मुरारी पाठक

 

Also Read: 30,000 के इनामी हत्यारोपी हिस्ट्रीशीटर ‘हुसन सिंह उर्फ फौजी’ आगरा से गिरफ्तार, UP STF ने की कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.