क्या अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे बृजभूषण शरण सिंह? पूर्व सांसद ने दिया बड़ा संकेत
Sandesh Wahak Digital Desk: कैसरगंज के पूर्व सांसद और दबंग नेता बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर चुनावी चर्चाओं के केंद्र में हैं। सोमवार को अयोध्या के सिविल लाइंस में एक शोरूम के उद्घाटन के दौरान उन्होंने 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर ऐसे संकेत दिए हैं, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
जब पत्रकारों ने उनसे आगामी चुनाव और सीट को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा “उचित समय आने पर फैसला लूंगा।”
अयोध्या (फैजाबाद) सीट और विनय कटियार का जिक्र
बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या (फैजाबाद) सीट पर चर्चा करते हुए दिलचस्प टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इस सीट पर भाजपा के कद्दावर नेता विनय कटियार का दावा पूरी तरह जायज है। “अगर विनय कटियार टिकट मांग रहे हैं, तो यह उनका अधिकार है और वह इसके हकदार भी हैं।”
गौरतलब है कि 2024 के चुनाव में अयोध्या सीट पर भाजपा के लल्लू सिंह को हार का सामना करना पड़ा था, जहाँ सपा के अवधेश प्रसाद ने जीत दर्ज की थी। अब 2029 के लिए बृजभूषण की इस सीट पर सक्रियता नए समीकरणों की ओर इशारा कर रही है।
‘पिता-पुत्र की जोड़ी’ उतरेगी मैदान में
हाल ही में बृजभूषण के बेटे और कैसरगंज से वर्तमान सांसद करण भूषण सिंह ने भी सार्वजनिक रूप से एलान किया था कि 2029 के रण में पिता-पुत्र की जोड़ी एक साथ मैदान में उतरेगी। अपने जन्मदिन पर किए गए शक्ति प्रदर्शन के बाद से ही बृजभूषण लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और युवाओं व सोशल मीडिया से मिल रहे समर्थन को अपनी असली ताकत बता रहे हैं।
विवादों से वापसी की कोशिश
बता दें कि कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को 2024 के चुनाव में महिला पहलवानों के आरोपों और विवादों के चलते भाजपा ने टिकट नहीं दिया था। हालांकि, दिल्ली की एक अदालत ने बाद में उन्हें नाबालिग पहलवान द्वारा लगाए गए आरोपों के मामले में बरी कर दिया था। अब वह अपनी बेदाग छवि और जनता के बीच अपनी पैठ के जरिए दोबारा संसद पहुँचने की जमीन तैयार कर रहे हैं।
Also Read: यूपी: बरेली सिटी मजिस्ट्रेट का सरकार पर गंभीर आरोप और इस्तीफा, सरकार ने किया सस्पेंड

