टीम इंडिया में फिर बदलेगा कप्तान? टी20 की किसे मिलेगी कमान, जल्द होगा फैसला
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है, जहां वह टेस्ट सीरीज खेल रही है और इस सीरीज की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के हाथों में है।
इंग्लैंड दौरे के बाद टीम इंडिया वाइट बॉल क्रिकेट (वनडे और टी20) खेलेगी, जिसके लिए कप्तानी को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अगस्त में टीम इंडिया बांग्लादेश का दौरा करेगी, जिसमें तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाएंगे।

इस दौरे के लिए कप्तान बदलने की पूरी संभावना है।
वनडे में रोहित शर्मा की वापसी संभव
बांग्लादेश दौरे की शुरुआत 17 अगस्त से वनडे सीरीज के साथ होगी। रोहित शर्मा, जिन्होंने टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है, अभी भी वनडे टीम का हिस्सा हैं। ऐसे में इस दौरे के लिए वनडे टीम की कप्तानी एक बार फिर उनके हाथों में सौंपी जा सकती है।
टी20 में सूर्यकुमार यादव की उपलब्धता संदिग्ध
26 अगस्त से शुरू होने वाली टी20 सीरीज के लिए मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव की उपलब्धता पर सवाल बना हुआ है। हाल ही में उन्होंने जर्मनी में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी करवाई है और फिलहाल रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं।
आमतौर पर ऐसे ऑपरेशन के बाद 8 से 12 हफ्तों का रिकवरी समय लगता है, ऐसे में बांग्लादेश दौरे में उनका खेलना मुश्किल नजर आ रहा है।
टी20 की किसे मिलेगी कमान?
अगर सूर्यकुमार यादव फिट नहीं हो पाते, तो टीम मैनेजमेंट को नया कप्तान चुनना होगा। टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को आराम दिए जाने की संभावना है क्योंकि वह इंग्लैंड दौरे से लौटते ही आराम की जरूरत महसूस कर सकते हैं।
ऐसे में हार्दिक पांड्या या अक्षर पटेल को टीम की कमान सौंपी जा सकती है। दोनों खिलाड़ी वाइट बॉल क्रिकेट में नियमित रूप से खेलते रहे हैं और टीम को नेतृत्व देने का अनुभव भी रखते हैं।
सीरीज को लेकर स्थिति स्पष्ट
हाल ही में भारत और बांग्लादेश के राजनीतिक संबंधों में हल्का तनाव देखा गया था, जिससे इस दौरे को लेकर संदेह जताया गया था।
हालांकि, बीसीसीआई अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल यह दौरा तय है और तैयारियों पर काम जारी है।
सूर्यकुमार यादव का बयान

सूर्यकुमार यादव ने सर्जरी के बाद हॉस्पिटल से एक फोटो साझा की थी, जिसमें उन्होंने लिखा:
“पेट के निचले दाहिने हिस्से में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी करवाई। यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सर्जरी के बाद मैं ठीक होने की राह पर हूं। क्रिकेट मैदान पर वापस आने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”
Also Read: ICC का बड़ा फैसला, टेस्ट क्रिकेट में आया ‘स्टॉप क्लॉक’ नियम

