टी20 वर्ल्ड कप के बाद गौतम गंभीर की होगी छुट्टी? BCCI ने अफवाहों पर लगाया विराम
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर को लेकर एक बार फिर अटकलों का बाजार गर्म है।
सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद गंभीर के भविष्य पर बीसीसीआई विचार कर सकती है।
हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इन तमाम चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया है।
गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद भारतीय टीम को जहां कुछ ऐतिहासिक उपलब्धियां मिलीं, वहीं कई ऐसे नतीजे भी सामने आए, जो पहले कभी नहीं देखे गए।
भारत को घरेलू टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ वाइटवॉश झेलना पड़ा, टेस्ट क्रिकेट का सबसे कम स्कोर (46 रन) बना, टेस्ट में 408 रनों की सबसे बड़ी हार मिली और 27 साल बाद श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज़ गंवानी पड़ी।
हालांकि, इसी दौर में टीम इंडिया ने एशिया कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े खिताब भी अपने नाम किए। इसके बावजूद हर हार के बाद गौतम गंभीर की कोचिंग पर सवाल उठे और उन्हें पद से हटाने की मांग भी उठती रही।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया का बयान
स्पोर्टस्टार को दिए इंटरव्यू में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि बोर्ड के पास फैसले लेने के लिए सक्षम और अनुभवी लोग मौजूद हैं।
उन्होंने कहा,
“140 करोड़ की आबादी वाले देश में हर कोई खुद को क्रिकेट एक्सपर्ट समझता है। सभी की अपनी राय है और यह एक लोकतांत्रिक देश है। मीडिया, पूर्व क्रिकेटर्स और सोशल मीडिया—हर जगह अटकलें लगती रहती हैं।”
सैकिया ने आगे स्पष्ट किया कि,
“सच्चाई यह है कि बीसीसीआई के पास एक समर्पित क्रिकेट समिति है, जिसमें पूर्व क्रिकेटर शामिल हैं। चयन के लिए पांच सदस्यीय चयन समिति है। कोच और टीम से जुड़े सभी बड़े फैसले इन्हीं समितियों द्वारा लिए जाते हैं।”
मनोज तिवारी के बयान से बढ़ी थी चर्चा
इससे पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर भारतीय टीम 2026 का टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीत पाती है, तो बोर्ड को कोच को हटाने जैसा बड़ा और कठिन फैसला लेना चाहिए। इसी बयान के बाद गंभीर के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
टी20 वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी
टी20 वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा। टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 5-5 टीमों के चार ग्रुप्स में बांटा गया है।
बीसीसीआई के ताजा बयान के बाद साफ है कि फिलहाल गौतम गंभीर के कोच पद पर बने रहने को लेकर बोर्ड के स्तर पर कोई असमंजस नहीं है और उन्हें पूरा समर्थन हासिल है।

