क्या हरभजन सिंह को BCCI में मिलेगा बड़ा पद? एशिया कप के बीच चौंकाने वाला फैसला
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के पूर्व स्टार स्पिनर हरभजन सिंह को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। एशिया कप 2025 के बीच सामने आए इस घटनाक्रम ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है।
दरअसल, 28 सितंबर को होने वाली बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (BCCI AGM 2025) के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने हरभजन सिंह को अपना आधिकारिक प्रतिनिधि घोषित किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, हरभजन सिंह पहली बार किसी राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि के रूप में AGM में हिस्सा लेंगे। इससे पहले, उन्हें पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन का सलाहकार नियुक्त किया गया था।

28 सितंबर को होंगे BCCI के चुनाव
बीसीसीआई की इस बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष जैसे शीर्ष पदों के लिए चुनाव होंगे।
इसी दिन एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला भी खेला जाना है, जिससे यह दिन भारतीय क्रिकेट के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
इससे पहले क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) ने पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली को अपना प्रतिनिधि घोषित किया है।
इसके अलावा कर्नाटक से रघुराम भट्ट, मुंबई से संजय नाइक, हिमाचल प्रदेश से अरुण सिंह धूमल और उत्तर प्रदेश से राजीव शुक्ला AGM में भाग लेंगे।
नामांकन और वापसी की अंतिम तारीखें
BCCI चुनाव अधिकारी ने उम्मीदवारों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 21 सितंबर तय की है, जिसे पहले 20 सितंबर रखा गया था। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 23 सितंबर है।
सचिन तेंदुलकर को लेकर फैली थीं अफवाहें
हाल ही में मीडिया में यह चर्चा भी जोरों पर थी कि महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर को बीसीसीआई अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
हालांकि, उनकी कंपनी SRT स्पोर्ट्स मैनेजमेंट ने इन सभी अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि सचिन को लेकर ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है।
क्या मिल सकता है हरभजन को बड़ा पद?
हरभजन सिंह के AGM में शामिल होने की पुष्टि के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें BCCI में कोई बड़ी भूमिका मिल सकती है।
यदि वह शीर्ष पदों के लिए दावेदारी करते हैं या किसी पैनल का हिस्सा बनते हैं, तो यह उनके क्रिकेट करियर के बाद का एक बड़ा कदम माना जाएगा।
अब सबकी नजरें 28 सितंबर की बैठक पर टिकी हैं, जहां यह साफ होगा कि हरभजन सिंह को वाकई में कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाती है या नहीं।
Also Read: Asia Cup 2025: जीत के बाद भारत को लगा बड़ा झटका, इस खिलाड़ी ने छोड़ा टीम का साथ

