इस विदेशी लीग से कटेगा पाकिस्तानियों का पत्ता? IPL फ्रेंचाइजी के रुख से बढ़ी चिंता

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तानी क्रिकेटरों को पहले ही दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग आईपीएल से बाहर रखा गया है और अब उनके लिए एक और झटका सामने आता दिख रहा है।

इंग्लैंड में खेली जाने वाली प्रतिष्ठित लीग ‘The Hundred’ में भी पाक खिलाड़ियों के मौके सीमित हो सकते हैं।

दरअसल, द हंड्रेड में हिस्सा लेने वाली कई टीमों का मालिकाना हक आईपीएल फ्रेंचाइजियों के पास है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन टीमों का संबंध आईपीएल फ्रेंचाइजी से है, वे पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर विचार नहीं कर सकतीं।

ऐसे में पाकिस्तान के क्रिकेटरों के लिए इस लीग के दरवाजे भी लगभग बंद होते नजर आ रहे हैं।

The Hundred

सैलरी बढ़ेगी, लेकिन पाकिस्तानियों को नहीं मिलेगा फायदा

द हंड्रेड का आगामी सीजन 21 जुलाई से 16 अगस्त के बीच खेला जाना है। इस सीजन में खिलाड़ियों की सैलरी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए पाकिस्तानी क्रिकेटरों को इस आर्थिक लाभ का फायदा मिलता दिख नहीं रहा।

IPL से जुड़ी टीमों में दिलचस्पी कम

बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, England and Wales Cricket Board के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिए हैं कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों में दिलचस्पी सिर्फ उन्हीं टीमों तक सीमित रह सकती है, जिनका आईपीएल फ्रेंचाइजियों से कोई संबंध नहीं है।

ECB का दावा—भेदभाव नहीं

हालांकि, ईसीबी का आधिकारिक रुख इससे अलग रहा है। बोर्ड के मुख्य कार्यकारी रिचर्ड गोल्ड पहले कह चुके हैं कि द हंड्रेड में सभी देशों के पुरुष और महिला खिलाड़ियों का स्वागत है और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट भेदभाव-विरोधी नीतियां लागू की गई हैं।

ECB के अनुसार, इस बार टूर्नामेंट के लिए करीब 18 देशों के लगभग 1000 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

क्या बदलेगा समीकरण?

अब देखना दिलचस्प होगा कि द हंड्रेड के आगामी ड्राफ्ट में आईपीएल फ्रेंचाइजी से जुड़ी टीमें किस तरह का रुख अपनाती हैं।

अगर रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो आईपीएल के बाद द हंड्रेड भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए एक मुश्किल विदेशी लीग बन सकती है।

Also Read: रणजी ट्रॉफी में नया सितारा, आकिब नबी ने बदल दी जम्मू-कश्मीर की किस्मत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.