बहराइच में भेड़ियों की दहशत: कैसरगंज में बुजुर्ग दंपति को जिंदा चबाया, गुस्साएं ग्रामीणों ने किया हंगामा
Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र के मंझारा तौकली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार रात को खूंखार भेड़ियों ने खेत की रखवाली कर रहे एक बुजुर्ग दंपति पर हमला कर उन्हें मार डाला और उनके शरीर के हिस्सों को नोच-नोच कर खा गए। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग की निष्क्रियता को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है।

मढ़हे पर सो रहे बुजुर्ग दंपति बने शिकार
मिली जानकारी के अनुसार मृतक खेदन और उनकी पत्नी मुनकिया (75) सोमवार की रात गांव के उत्तर दिशा में स्थित अपने खेत के मढ़हे पर रखवाली के लिए सो रहे थे। रात में जंगली, आदमखोर भेड़ियों ने उन पर हमला कर दिया। भेड़ियों ने दोनों वृद्धों के हाथ-पैर और सिर को बुरी तरह से नोच कर खा लिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार रात करीब 12 बजे इसी क्षेत्र के भिरगू पुरवा में दो भेड़ियों को देखा गया था। ग्रामीणों के शोर मचाने से पहले ही भेड़ियों ने धनपतिया (पत्नी रामदेव) और शेबरी (पत्नी नान्हू) निवासी भिरगू पुरवा पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के तत्काल शोर मचाने से दोनों महिलाओं की जान बच गई, लेकिन वे घायल हो गईं।

वन विभाग की टीम पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे मंझारा तौकली क्षेत्र के लोग खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम पर जमकर आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की टीम बिल्कुल भी सक्रियता नहीं दिखा रही है और गाँव में कोई पेट्रोलिंग नहीं की जा रही है, जिससे भेड़ियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों के भारी आक्रोश के कारण वन विभाग की दो गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और उनके शीशे चकनाचूर हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग की टीम गाड़ी छोड़कर चली गई, और टूटी हुई गाड़ियां भिरगू पुरवा में ही खड़ी हैं।
पूर्व मंत्री ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिजनों को ढाढ़स बंधाया। वर्मा ने बताया कि उन्होंने तत्काल मुख्यमंत्री के ओएसडी और वन मंत्री से बात की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में दो दिनों के भीतर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आदमखोर भेड़ियों को मारा जाएगा। मुकुट बिहारी वर्मा ने आशंका जताई कि जिस प्रकार की यह घटना हुई है, उससे लगता है कि यह एक-दो भेड़िए नहीं हैं, बल्कि ये झुंड में हैं।

