Lucknow News: विधानभवन के सामने महिला ने की आत्मदाह की कोशिश, नीतू ने जमीन विवाद में उठाया खौफनाक कदम
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानभवन के गेट नंबर 9 के सामने बुधवार को एक महिला के आत्मदाह के प्रयास ने सुरक्षा व्यवस्था को चौकन्ना कर दिया। काकोरी के कठिगरा गांव की रहने वाली नीतू अपने भतीजे के साथ न्याय की गुहार लगाने पहुंची थी, लेकिन हताशा में उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू में कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि नीतू अपने पैतृक गांव में जमीन के विवाद को लेकर लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी। महिला का आरोप है कि उसके भाई अजय कुमार ने वरासत की जमीन का सौदा (एग्रीमेंट) नीरज वर्मा और नरेंद्र यादव के साथ किया था। आरोपियों ने बाद में एग्रीमेंट रद्द करने का शपथपत्र तो दे दिया, लेकिन कथित तौर पर वे जमीन पर कब्जा करने की नीयत से नीतू को लगातार धमका रहे थे। नीतू के पास से डीजीपी के नाम एक प्रार्थना पत्र मिला है, जिसमें उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बाद भी उसे न्याय नहीं मिल रहा था।
घटना के तुरंत बाद हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को सांत्वना दी और मामले की गंभीरता को देखते हुए काकोरी पुलिस को सूचना दी। महिला को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए काकोरी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब जमीन के कागजात और आरोपियों द्वारा दी जा रही धमकियों के दावों की जांच कर रही है।
Also Read: Alankar Agnihotri के निलंबन के बाद बरेली के नए सिटी मजिस्ट्रेट बने राम जनम यादव

