नसबंदी के बाद भी महिला ने दिया बच्चे को जन्म, सरकार से मुआवजे की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: परिवार नियोजन की सरकारी मुहिम पर एक बार फिर सवाल उठ गए हैं। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक महिला ने नसबंदी ऑपरेशन के एक साल बाद एक बच्चे को जन्म दिया है। इस चौंकाने वाली घटना के बाद महिला ने सरकार से बच्चे के पालन-पोषण के लिए मुआवजे की मांग की है।
कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुँचा मामला
यह अजीबोगरीब मामला मंगलवार को शिवपुरी कलेक्टर की जनसुनवाई में सामने आया। पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने पिछले साल जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम के तहत नसबंदी करवाई थी। इस ऑपरेशन के बावजूद वह गर्भवती हो गई और उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है।
महिला और उसका परिवार अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। उनका आरोप है कि यह डॉक्टरों की लापरवाही का नतीजा है, और इसलिए सरकार को बच्चे के पालन-पोषण का पूरा खर्च उठाना चाहिए।
भारत में जनसंख्या नियंत्रण के लिए नसबंदी कार्यक्रम लंबे समय से चलाया जा रहा है। सरकार इस योजना के तहत नसबंदी कराने वालों को प्रोत्साहन राशि भी देती है। लेकिन, हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहाँ नसबंदी के बावजूद महिलाएं गर्भवती हो रही हैं। ऐसी घटनाएँ न सिर्फ परिवार नियोजन कार्यक्रमों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाती हैं, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर लापरवाही को भी उजागर करती हैं।
Also Read: लखनऊ नगर निगम को मिला नया उपाध्यक्ष, BJP पार्षद चरणजीत गांधी को मिली जिम्मेदारी

