Lucknow News: विधानसभा के बाहर महिला ने की आत्मदाह की कोशिश, पुलिस की सुनवाई न होने से थी परेशान

Lucknow News: यूपी विधानसभा सत्र के दौरान आज दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कृष्णानगर की रहने वाली स्नेहा सिंह पेट्रोल की बोतल लेकर आत्मदाह करने के लिए विधानभवन के सामने पहुंच गई। गनीमत रही कि वहां मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते उसे रोक लिया, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

स्नेहा जैसे ही पेट्रोल अपने ऊपर उड़ेलने वाली थी, तभी वहां तैनात आत्मदाह निरोधी दस्ते (Anti-Self-Immolation Squad) ने फुर्ती दिखाते हुए उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और उसे सुरक्षित बचाकर पूछताछ के लिए ले गई। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में स्नेहा ने अपनी आपबीती सुनाई, जो व्यवस्था और पारिवारिक विवाद की एक दुखद तस्वीर पेश करती है।

स्नेहा मूल रूप से बीकेटी के कठवारा गांव की रहने वाली है। 9 महीने पहले उसकी शादी कृष्णानगर के वकील विनायक सिंह से हुई थी। स्नेह का आरोप है कि विवाद के बाद ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया और अब उसे घर के अंदर घुसने नहीं दे रहे हैं। पीड़िता का सबसे बड़ा आरोप कृष्णानगर पुलिस पर है। उसका कहना है कि उसने थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने उसकी एक न सुनी। इसी ‘सिस्टम’ की बेरुखी से हारकर वह विधानभवन तक पहुंच गई।

एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन कृष्णानगर पुलिस को सूचित किया। कृष्णानगर पुलिस की टीम हजरतगंज पहुंचकर महिला को अपने साथ थाने ले गई है। पुलिस स्नेहा के ससुराल पक्ष और परिजनों से संपर्क कर रही है ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।

Also Read: मेरठ ANTF की बड़ी कार्रवाई, 29 लाख के गांजे के साथ दिल्ली और बिहार के 3 तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.