60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा, लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश सिद्धार्थनागर जिले में 26 अगस्त रक्षाबंधन के पर्व पर प्रदेश की माताओं और बहनों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। वहीं रक्षाबंधन के अवसर पर 27 से 29 अगस्त 2026 तक महिलाओं को एक सहयात्री के साथ निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी।

योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण
योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बुधवार को लोहिया कला भवन, सिद्धार्थनगर में देखा गया। इस दौरान मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद का बुके देकर स्वागत किया, जबकि मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या का स्वागत किया।

मातृशक्ति के सम्मान का ऐतिहासिक अवसर
मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि यह गौतम बुद्ध की धरती है और आज मातृशक्ति के सम्मान का ऐतिहासिक अवसर है। मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई इस योजना के माध्यम से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाएं पूरे प्रदेश में परिवहन निगम की बसों से निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27 से 29 अगस्त तक माताओं और बहनों को एक सहयात्री के साथ निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

बेटियां होंगी आत्मनिर्भर
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आवास, निःशुल्क राशन, रोजगार सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ रही है। बेटियां आत्मनिर्भर होंगी, तभी समाज में वास्तविक समानता आएगी। उन्होंने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आधी आबादी के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। पात्र लाभार्थियों को आवास, शौचालय, विद्युत कनेक्शन समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाएं आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखाकर परिवहन निगम की बसों में पूरे प्रदेश में निःशुल्क यात्रा कर सकती हैं। उन्होंने योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ. संजय निषाद, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने महिलाओं को वस्त्र और मिठाई वितरित कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सांसद डुमरियागंज के प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: नेपाल में भोटेकोशी नदी की बाढ़ से तबाही, 8 की मौत, 105 भारतीय समेत 291 विदेशी लापता

