शराब के खिलाफ ‘नारी शक्ति’ का तांडव: आगरा में महिलाओं ने ठेके पर बोला धावा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में शराब के बढ़ते आतंक और छींटाकशी से तंग आकर महिलाओं ने कानून अपने हाथ में ले लिया। थाना सैंया क्षेत्र के बिरहरू गांव में शुक्रवार दोपहर दर्जनों महिलाओं ने देसी शराब के ठेके पर लाठी-डंडों के साथ हमला कर दिया। महिलाओं का उग्र रूप देखकर सेल्समैन मौके से जान बचाकर भाग खड़े हुए।
5 लाख की शराब नष्ट, फ्रिज भी तोड़ा
महिलाओं ने ठेके के भीतर रखी शराब की पेटियों को घसीटकर बाहर निकाला और सड़क पर एक-एक बोतल को डंडों से मार-मारकर चकनाचूर कर दिया। ठेका संचालक के अनुसार, इस हमले में करीब 5 लाख रुपये की शराब नष्ट हो गई है। साथ ही ठेके में रखे फ्रिज और अन्य उपकरणों को भी तोड़ दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घूंघट ओढ़ी महिलाएं उग्रता के साथ बोतलें तोड़ती नजर आ रही हैं।
“राह निकलना हुआ मुश्किल”
महिलाओं ने पुलिस के सामने अपना दर्द बयां करते हुए तोड़फोड़ के पीछे ठोस कारण बताए। दरअसल ठेका घनी बस्ती के बीच होने के कारण दिनभर शराबी वहां जुटे रहते हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। महिलाओं का आरोप है कि वहां से गुजरते समय शराबी उन पर कमेंट्स (फब्तियां) कसते हैं, जिससे उनका निकलना दूभर हो गया है। गांव के पुरुषों और युवाओं में बढ़ती शराब की लत से घर के हालात और बच्चों का भविष्य बिगड़ रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
हंगामे की सूचना पर सैंया पुलिस और डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। फिलहाल पुलिस को ठेका संचालक की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, लेकिन इलाके में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है।

