कुशीनगर में महिलाओं की समस्याओं का होगा समाधान, महिला आयोग की सदस्य का मैराथन दौरा आज

पडरौना (कुशीनगर): महिला उत्पीड़न पर लगाम लगाने और पीड़ित महिलाओं को जल्द से जल्द न्याय दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में आयोग की सदस्य जनक नंदिनी 4 फरवरी (बुधवार) को कुशीनगर में एक विस्तृत जनसुनवाई कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। उनका यह दौरा सुबह से लेकर शाम तक जिले के विभिन्न केंद्रों के निरीक्षण और समीक्षा के नाम रहेगा।

सर्किट हाउस से शुरू होगा मिशन ‘न्याय’

बुधवार सुबह 9 बजे सर्किट हाउस पडरौना में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक से जनक नंदिनी के दौरे की शुरुआत होगी। इसके ठीक बाद 9:30 बजे वह महिला अस्पताल और प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत देखेंगी।

तहसील सदर में सजेगी शिकायतों की अदालत

दौरे का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा सुबह 11 बजे विकास भवन स्थित तहसील सभागार सदर में होगा। यहाँ आयोजित ‘महिला जनसुनवाई’ में वह खुद पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनेंगी। मौके पर जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान द्वारा नामित वरिष्ठ अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष और जिला प्रोबेशन अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि शिकायतों का तुरंत निस्तारण किया जा सके।

जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की होगी जांच

जनसुनवाई के बाद सदस्य जनक नंदिनी का रुख इन केंद्रों की ओर होगा।

वन स्टॉप सेंटर: दोपहर 12:30 बजे निरीक्षण।

पिंक बूथ: दोपहर 2:00 बजे सुरक्षा व्यवस्था का जायजा।

जागरूकता चौपाल: दोपहर 2:30 बजे कसया ब्लॉक में आंगनबाड़ी, गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम में शिरकत।

कस्तूरबा विद्यालय: दोपहर 3:30 बजे बालिकाओं की शिक्षा और सुविधाओं की समीक्षा।

प्रशासन ने इस दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का भाव पैदा करना और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक सीधे पहुंचाना है।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: शायर मुनव्वर राना की बेटी को पति ने दिया ‘तीन तलाक’, हिबा राना ने लगाए गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.