Women’s World Cup 2025: सूरत के कारोबारी ने खोली तिजोरी, भारतीय महिला टीम को देंगे हीरे के गहने और…
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है।
हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारत ने रविवार को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला महिला वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीता।
अब सूरत के हीरा कारोबारी और राज्यसभा सांसद गोविंद ढोलकिया ने टीम की इस उपलब्धि पर बेहद खास तोहफा देने की घोषणा की है।
भारतीय टीम को मिलेंगे हीरे के गहने
गोविंद ढोलकिया, जो श्री रामकृष्ण एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और चेयरमैन हैं, ने बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को पत्र लिखकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को हैंडमेड नेचुरल डायमंड ज्वेलरी गिफ्ट करने की इच्छा जताई है।

उन्होंने लिखा कि यह उपहार खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और देश को गौरवान्वित करने के प्रतीक के रूप में दिया जाएगा।
घरों पर सोलर पैनल लगाने की घोषणा
गोविंद ढोलकिया ने अपने समाजसेवी दृष्टिकोण का परिचय देते हुए एक और अनोखी पेशकश की है। उन्होंने कहा कि वह सभी महिला खिलाड़ियों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने की इच्छा रखते हैं।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा — “जैसे इन खिलाड़ियों ने देश में रौशनी फैलाई है, वैसे ही उनके जीवन में भी हमेशा उजाला बना रहे।”
BCCI ने दी 51 करोड़ की पुरस्कार राशि
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) ने भी खिलाड़ियों पर इनामों की बरसात कर दी है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने घोषणा की कि टीम इंडिया को 51 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। इस राशि में खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ और चयन समिति के सदस्य भी शामिल होंगे।
गौरतलब है कि यह राशि आईसीसी द्वारा दी गई प्राइज मनी (₹33.55 करोड़) से भी अधिक है। वहीं रनर-अप दक्षिण अफ्रीका महिला टीम को करीब ₹20 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
शेफाली वर्मा का दमदार प्रदर्शन
फाइनल मुकाबले में शेफाली वर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 78 गेंदों में 87 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दिलचस्प बात यह है कि शेफाली शुरुआत में वर्ल्ड कप स्क्वॉड का हिस्सा नहीं थीं, लेकिन प्रतिका रावल के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में शामिल किया गया। उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए साउथ अफ्रीका के दो अहम विकेट झटके।
वहीं, पूरे टूर्नामेंट में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक क्षण
इस जीत ने भारतीय महिला क्रिकेट को एक नया मुकाम दिया है। खिलाड़ियों पर अब ब्रांड्स और प्रायोजकों की नजर है, और देशभर में इनकी लोकप्रियता आसमान छू रही है।
गोविंद ढोलकिया जैसे उद्योगपतियों की पहल ने इस उपलब्धि को और भी विशेष बना दिया है।

