साक्षरता दिवस पर सिद्धार्थनगर जेल में कैदियों के लिए कार्यशाला, शिक्षा की नई पहल
Sandesh Wahak Digital Desk: अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर सिद्धार्थनगर की जिला जेल में एक खास पहल की गई। जेल प्रशासन ने ‘नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत कैदियों के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य जेल को शिक्षा और जागरूकता का केंद्र बनाना है।

कार्यक्रम की शुरुआत बेसिक शिक्षा परिषद के जिला समन्वयक अमित शुक्ला और डीसी प्रशिक्षण आशीष मिश्रा ने की। इस मौके पर जेल अधीक्षक सचिन वर्मा ने कहा कि शिक्षा ही वह रोशनी है जो अज्ञानता को दूर कर सकती है। उन्होंने इस पहल को कैदियों के सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
डिप्टी जेलर मुकेश प्रकाश महेश सिंह ने कहा कि साक्षरता से आत्मविश्वास और अनुशासन बढ़ता है, जो कैदियों को समाज का एक बेहतर नागरिक बनने में मदद करेगा। कार्यक्रम में बंदियों को साक्षरता अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया और उन्हें जरूरी स्टेशनरी भी दी गई।
इस दौरान नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के उद्देश्यों और तरीकों पर भी विस्तार से बात की गई। शिक्षकों ने सभी कैदियों को शपथ दिलाई कि वे शिक्षा के जरिए अपने जीवन को बेहतर बनाएंगे। यह कार्यक्रम इस संदेश के साथ खत्म हुआ कि साक्षरता सिर्फ पढ़ना-लिखना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की नींव भी है।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: सिद्धार्थनगर में किसानों का प्रदर्शन, बोले- समस्याओं का हो समाधान, वरना करेंगे तालाबंदी

