वर्ल्ड कप विजेता शेफाली वर्मा बनीं महिला आयोग की ब्रांड एंबेसडर, CM सैनी ने दिया 1.5 करोड़ का कैश अवॉर्ड
Sandesh Wahak Digital Desk: वनडे विश्व कप 2025 का खिताब जीतकर देश को गौरव दिलाने वाली भारतीय क्रिकेटर शेफाली वर्मा को हरियाणा सरकार ने सम्मानित किया है। बुधवार को शेफाली ने संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की, जहाँ उन्हें 1.5 करोड़ रुपये के कैश अवॉर्ड और ग्रेड-ए प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, हरियाणा महिला आयोग ने उन्हें अपना ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया है।
सम्मान मिलने के बाद शेफाली वर्मा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी टीम की नहीं, बल्कि पूरी महिला क्रिकेट की जीत है। शेफाली ने कहा, सीएम सर से मिलकर मुझे बहुत अच्छा लगा। हरियाणा में खिलाड़ियों को काफी सपोर्ट किया जाता है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद काफी आत्मविश्वास महसूस कर रही हूँ। उन्होंने हरियाणा के युवा खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा, आप अच्छी मेहनत कीजिए। राज्य सरकार हमेशा खिलाड़ियों को सपोर्ट करती है।
शेफाली वर्मा को ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि वह एक सुपरस्टार हैं। हम चाहते हैं कि वह 2026 के लिए महिला आयोग की ब्रांड एंबेसडर बनकर युवाओं के लिए हमारे मिशन को बढ़ावा दें। वह युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से बचने और एक उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करेंगी।
Also Read: आधार से लेकर चीन तक… PM मोदी पर भड़के अखिलेश, बोले- ‘मन से विदेशी हैं’

