दुबई एयरपोर्ट पर हवाई यात्रा आंशिक रूप से शुरू, एमिरेट्स एयरलाइंस ने बहाल की सेवाएं
Sandesh Wahak Digital Desk: दुबई में सुरक्षा चिंताओं के कारण थमी हवाई सेवाओं ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। एमिरेट्स एयरलाइंस (Emirates) के परिचालन शुरू करने के फैसले के बाद, दुबई एयरपोर्ट प्रशासन ने भी आंशिक तौर पर फ्लाइट्स के संचालन का ऐलान कर दिया है।
दुबई एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी है कि शनिवार, 7 मार्च से DXB (मुख्य एयरपोर्ट) और DWC (अल मकतूम एयरपोर्ट) से कुछ चुनिंदा फ्लाइट्स उड़ान भर रही हैं। प्रशासन ने यात्रियों से खास अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क जरूर करें, क्योंकि मौजूदा हालातों को देखते हुए आखिरी समय में भी शेड्यूल बदला जा सकता है।
इससे पहले एमिरेट्स ने यात्री और क्रू की सुरक्षा का हवाला देते हुए अपनी सभी उड़ानें निलंबित कर दी थीं। कंपनी ने स्पष्ट किया था कि सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। हालांकि, अब स्थिति की समीक्षा के बाद परिचालन को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
धमाकों और इंटरसेप्शन का साया
यह बहाली ऐसे समय में हो रही है जब शनिवार को दुबई में दो और बहरीन की राजधानी मनामा में एक धमाके की आवाज सुनी गई। दुबई के अधिकारियों के मुताबिक, आसमान में ही खतरों को रोकने (Interception) के कारण मलबा गिरा था, जिससे एक छोटी सी घटना हुई, जिस पर तुरंत काबू पा लिया गया। वहीं, बहरीन के गृह मंत्रालय ने भी अपने नागरिकों से शांत रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
Also Read: India Post GDS भर्ती 2026 की पहली मेरिट लिस्ट जारी, ऐसे चेक करें रिजल्ट

