ईरान का बड़ा फैसला, भारत समेत पांच मित्र देशों को होर्मुज जलमार्ग से आने-जाने की दी अनुमति
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बारूद के बीच ईरान ने दुनिया को एक कड़ा संदेश देते हुए अपने ‘दोस्तों’ के लिए दरियादिली दिखाई है। ईरान ने साफ कर दिया है कि वह सामरिक और व्यापारिक दृष्टि से दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक, होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को पूरी तरह बंद नहीं कर रहा है। ईरान ने भारत समेत अपने पांच मित्र देशों के जहाजों को इस रास्ते से बिना किसी रोक-टोक गुजरने की इजाजत दे दी है।
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सरकारी टेलीविजन पर दिए एक इंटरव्यू में स्पष्ट किया कि मौजूदा संघर्ष के बावजूद भारत, रूस, चीन, पाकिस्तान और इराक के जहाजों के लिए यह समुद्री मार्ग पूरी तरह खुला और सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि इन देशों के साथ ईरान के मैत्रीपूर्ण संबंध हैं, इसलिए उन्हें किसी भी प्रतिबंध का सामना नहीं करना पड़ेगा।
दुश्मनों के लिए नो-एंट्री
ईरान का रुख उन देशों के लिए बेहद सख्त है जिन्हें वह अपना दुश्मन या मौजूदा संकट का जिम्मेदार मानता है। विदेश मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा, दुश्मनों को इस महत्वपूर्ण जलमार्ग से गुजरने देने का कोई कारण नहीं है। अमेरिका, इजरायल और संकट में भूमिका निभाने वाले कुछ खाड़ी देशों के जहाजों को यहाँ से गुजरने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी।
अराघची ने इस बात पर संतोष जताया कि दशकों बाद ईरान ने इस क्षेत्र में अपने अधिकारों और ताकत का लोहा मनवाया है। उन्होंने उन विशेषज्ञों को भी जवाब दिया जो पहले ईरान की नाकाबंदी की चेतावनी को महज एक दिखावा मान रहे थे। ईरान का दावा है कि उसने दुनिया के सबसे बड़े एनर्जी ट्रांजिट रूट (ऊर्जा पारगमन मार्ग) पर अपना नियंत्रण साबित कर दिया है।
Also Read: Lucknow News: पेट्रोल खत्म होने की ‘अफवाह’ से मचा हड़कंप, पंपों पर उमड़ा गाड़ियों का सैलाब

