W,W,W… हैट्रिक लेकर मचाई सनसनी, टी20 वर्ल्ड कप टीम में नहीं मिली थी जगह

Sandesh Wahak Digital Desk: साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज ओटनील बार्टमैन ने SA20 लीग में ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया है।

पार्ल रॉयल्स की ओर से खेलते हुए बार्टमैन ने प्रिटोरिया कैपिटल्स के खिलाफ हैट्रिक लेकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया और 5/16 के शानदार आंकड़ों के साथ टीम को प्लेऑफ में पहुंचा दिया।

बार्टमैन SA20 इतिहास में हैट्रिक लेने वाले केवल दूसरे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि लुंगी एनगिडी ने हासिल की थी। दिलचस्प संयोग यह रहा कि बार्टमैन की हैट्रिक भी एनगिडी का विकेट लेकर ही पूरी हुई।

कैसे पूरी हुई हैट्रिक

सेंचुरियन में खेले गए मुकाबले में बार्टमैन ने शुरुआती ओवर में लगातार दो गेंदों पर कॉनर एस्टरहुइजेन और जॉर्डन कॉक्स को पवेलियन भेजकर प्रिटोरिया कैपिटल्स को झटका दिया।

इसके बाद 19वें ओवर में उन्होंने आंद्रे रसेल, लिजाद विलियम्स और लुंगी एनगिडी को लगातार गेंदों पर आउट कर हैट्रिक पूरी की। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने प्रिटोरिया कैपिटल्स की टीम 127 रन पर सिमट गई। जवाब में पार्ल रॉयल्स ने लक्ष्य को 29 गेंद शेष रहते चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।

वर्ल्ड कप टीम से बाहर, फिर भी शानदार फॉर्म

चौंकाने वाली बात यह है कि ओटनील बार्टमैन को आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए घोषित साउथ अफ्रीकी टीम में जगह नहीं मिली। चयनकर्ताओं ने छह तेज गेंदबाज चुने, जिनमें युवा क्वेना मफाका भी शामिल हैं।

टीम से बाहर किए जाने के बाद बार्टमैन का प्रदर्शन और निखरता गया है। मौजूदा SA20 सीजन में उनके नाम 16 विकेट हैं और उनका औसत 9.44 रहा है।

डेथ ओवर्स के भरोसेमंद गेंदबाज

SA20 में बार्टमैन अब तक 30 मैचों में 14.10 की औसत से 57 विकेट ले चुके हैं। इस दौरान उन्होंने तीन बार पारी में चार या उससे अधिक विकेट झटके हैं। डेथ ओवर्स में उनकी प्रभावशीलता उन्हें साउथ अफ्रीका का सबसे भरोसेमंद गेंदबाज बनाती है।

इसके बावजूद उन्हें वर्ल्ड कप टीम से बाहर रखा जाना चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल खड़े कर रहा है, खासकर तब जब स्क्वॉड में लुंगी एनगिडी के अलावा डेथ ओवर्स स्पेशलिस्ट की कमी साफ नजर आती है।

साउथ अफ्रीका का टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड

एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), टोनी डी जोरजी, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, मार्को जानसेन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, कॉर्बिन बॉश, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे और एनरिक नॉर्किया।

Also Read: सूर्यकुमार यादव विवाद में नया मोड़, खुशी मुखर्जी पर 100 करोड़ के मानहानि का केस दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.