गांधी जयंती पर आश्रम पहुंचे सीएम योगी, खरीदा भगवा गमछा, बच्चों को दी चॉकलेट
CM Yogi Gandhi Ashram: लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को महात्मा गांधी की जयंती पर हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने खादी के उत्पाद देखे और भगवा रंग का गमछा खरीदकर उसका भुगतान किया। उन्होंने लोगों को खादी खरीदने के लिए प्रेरित किया। आश्रम के कर्मचारियों का हालचाल जाना और वहां मौजूद बच्चों को चॉकलेट दी। बच्चों से पढ़ाई के बारे में पूछा। बच्चों ने पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह और पवन सिंह चौहान, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी मौजूद रहे।
‘समृद्ध गांव ही ग्राम स्वराज की आधारशिला’
इससे पहले सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सरकार गांवों को विकास की आखिरी सीढ़ी नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की पहली इकाई मानकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सशक्त पंचायत और समृद्ध गांव ही ग्राम स्वराज की आधारशिला हैं। इसमें परिवारवादी मॉडल के लिए कोई जगह नहीं है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2017 से पहले गांवों को विकास के बजाय केवल वादे मिले। आय और जाति प्रमाणपत्र जैसे सामान्य कामों के लिए भी लोगों को तहसील, थाना और जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे।
57,600 ग्राम सचिवालयों में डिजिटल सुविधाएं
योगी ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के 57,600 ग्राम सचिवालयों के जरिए ई-ग्राम स्वराज, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन निगरानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उनके मुताबिक, इससे पंचायतों के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है। ग्राम सचिवालयों से हर गांव में 5 से 7 रोजगार के अवसर भी बने हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की 11,350 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने ग्राम स्वराज को राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि गांधीजी के आत्मनिर्भर गांवों के सपने को पूरा करने का संकल्प बताया। उन्होंने ‘सशक्त पंचायत, समृद्ध गांव और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ को इसी दिशा में सरकार का दृष्टिकोण बताया।

