Codeine Cough Syrup मामले में योगी सख्त, सरगना पर 50 हजार का इनाम, LON जारी
Sandesh Wahak DIgital Desk: पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में सामने आए कोडीन कफ सिरप (Codeine Cough Syrup) के मामलों के बाद अब यह मुद्दा उत्तर प्रदेश विधानसभा तक पहुंच गया है। सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने नजर आए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के सख्त रुख के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है।
मुख्य आरोपी पर इनाम
मिली जानकारी के अनुसार, कोडीन कफ सिरप (Codeine Cough Syrup) मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद वाराणसी पुलिस भी सक्रिय नजर आ रही है। पुलिस स्तर पर जांच और कार्रवाई की रफ्तार तेज कर दी गई है।
पुलिस ने इस मामले के वांटेड आरोपी शुभम जायसवाल पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया है। इसके अलावा तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ भी लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। पुलिस का दावा है कि अब तक इस मामले में 50 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अखिलेश यादव का हमला
इस पूरे मामले को लेकर समाजवादी पार्टी सरकार पर लगातार हमलावर है। सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संसद के बाद सोशल मीडिया पर भी सरकार को घेरा है। उन्होंने जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह और इस मामले में गिरफ्तार किए गए अमित सिंह टाटा की एक तस्वीर शेयर कर सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।
हाईकोर्ट से आरोपियों को झटका
कोडीन कफ सिरप (Codeine Cough Syrup) मामले में आरोपियों को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कथित सरगना शुभम जायसवाल समेत सभी आरोपियों की एफआईआर रद्द करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद अब पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया है।

