मैं होता तो माफिया को दो किक मारता, CM योगी ने CID सीरियल का जिक्र कर बताया फॉरेंसिक का महत्व

CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान भूमाफिया के पुलिस की जमीन पर कब्जे का किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि पुलिस के नाम दर्ज जमीन को भूमाफिया ने अपने नाम करा लिया था, लेकिन दुनिया की सबसे बड़ी यूपी पुलिस मौन बनी रही। इस दौरान उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “मैं आपकी जगह होता तो उसे बुलाता, दो किक मारता और जमीन खाली कराता।” अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “आज अपराधी एक चौराहे पर अपराध करता है और अगले चौराहे पर ढेर हो जाता है।”

परिवारों में बदलते रिश्तों का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में परिवारों में बदलते व्यवहार का जिक्र करते हुए CID सीरियल का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि पहले परिवार में पांच लोग होते थे, तो पांचों के मुंह पांच अलग-अलग दिशाओं में नहीं होते थे। आज एक ही छत के नीचे रहने वाले लोगों की दिशाएं अलग-अलग हैं। वे साथ-साथ नहीं हैं।

योगी ने कहा कि पहले परिवार के लोग एक साथ बैठकर टीवी पर सीरियल देखते थे। उस समय CID सीरियल काफी चर्चित था। इसमें हत्या की जांच के दौरान डॉक्टर की मदद से बाल या उंगलियों के निशान जैसे सबूतों के आधार पर अज्ञात अपराधी तक पहुंचने की कहानी दिखाई जाती थी।

उन्होंने कहा कि उस दौर में ऐसी जांच की क्षमता एक सपने जैसी लगती थी, लेकिन आज फॉरेंसिक संस्थान उस सपने को साकार कर रहे हैं।

सीआईडी अपराध की जांच पर आधारित लंबे समय तक चलने वाले चर्चित धारावाहिकों में शामिल रहा है। इसके मुख्य किरदार एसीपी प्रद्युम्न, उनके सहयोगी दया और अन्य कलाकार आम भारतीय दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं।

UPSIFS में टेकसंगम सम्मेलन, LEXQ सेंटर शुरू

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (UPSIFS) पहुंचे थे। यहां तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संवाद-2026 के तहत आयोजित टेकसंगम सम्मेलन के दूसरे दिन उद्घाटन सत्र हुआ।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने LEXQ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की। साथ ही ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन कंस्ट्रक्शन’ पुस्तक का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम में फॉरेंसिक जांच, अपराध के सबूत जुटाने और तकनीक की मदद से जांच को आगे बढ़ाने के महत्व का संदर्भ सामने आया। योगी ने सीआईडी सीरियल का उदाहरण देकर बताया कि जिस तरह की जांच पहले लोगों को कल्पना जैसी लगती थी, उसे आधुनिक फॉरेंसिक तकनीक से संभव बनाया जा रहा है।

Also Read: Usha Mangeshkar: उषा मंगेशकर को मिलेगा पहला भूपेन हजारिका नेशनल अवॉर्ड, 29 नवंबर को PM मोदी करेंगे सम्मानित 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.