अब यूपी में माफिया नहीं लहरा सकता पिस्टल, CM योगी बोले-बेटी की सुरक्षा से समझौता नहीं

CM Yogi: लखनऊ में दो दिवसीय यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026 की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यूपी अब दंगा, कर्फ्यू, माफिया और उपद्रव से मुक्त है। अब कोई माफिया खुली जीप में पिस्टल लहराकर नहीं घूम सकता। बेटी, व्यापारी या निवेशक की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले की जगह जेल या जहन्नुम होगी। उन्होंने कहा, “यह बदला हुआ यूपी है।”

सीएम ने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि तब हर जिले में माफिया की समानांतर सरकार चलती थी। फिरौती और गुंडा टैक्स वसूला जाता था। उन्होंने कहा कि उस समय न बेटियां सुरक्षित थीं, न व्यापारी। पर्व-त्योहारों के दौरान भी उपद्रव और दंगे होते थे।

विकास और निवेश पर सरकार का दावा

योगी ने कहा कि पहले बिजली एक सिंडिकेट और एक परिवार तक सीमित थी। सड़क, बिजली और निवेश की स्थिति खराब थी। बुनकरों और छोटे टेक्सटाइल उद्यमियों को बैंक से लोन नहीं मिलता था। योजनाओं का लाभ भी DBT के अभाव में लोगों तक नहीं पहुंचता था।

उन्होंने बताया कि पिछले नौ साल में यूपी को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले और 65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला। बड़े कारखानों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हुई है। यूपी में 96 लाख MSME यूनिट हैं। देश की 55% मोबाइल और 60% इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग यूपी में हो रही है।

टेक्सटाइल सेक्टर को नई रफ्तार

सीएम के मुताबिक यूपी के टेक्सटाइल निर्यात में 56% की बढ़ोतरी हुई है। 2025-26 में 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक के टेक्सटाइल उत्पाद निर्यात हुए। ODOP के तहत 35 से ज्यादा टेक्सटाइल उत्पादों को पहचान मिली, जिनमें 17 को GI टैग मिला है।

यूपी में 2 लाख हैंडलूम और 5 लाख से ज्यादा पावरलूम वर्कर हैं। प्रदेश फैब्रिक उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। वाराणसी, अमरोहा, बिजनौर और संतकबीर नगर में टेक्सटाइल पार्क बनाए जाएंगे। सीएम ने कहा कि ‘डिजाइन इन यूपी, मेक इन यूपी’ के जरिए प्रदेश के हुनर को दुनिया तक पहुंचाना है।

Also Read: कौशांबी में महिला सिपाही की गोली लगने से मौत, ड्यूटी के दौरान चली सरकारी राइफल 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.