योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला: अयोध्या में बनेगा भव्य राम मंदिर संग्रहालय, खिलाड़ियों को बड़ी सौगात

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट में रखे गए 20 प्रस्तावों में से 19 को हरी झंडी मिली है, जबकि एक प्रस्ताव पास नहीं हो सका। इस बैठक के दो सबसे बड़े और महत्वपूर्ण फैसले हैं।

अयोध्या में विश्व स्तरीय राम मंदिर संग्रहालय

अयोध्या में भव्य और विश्व स्तरीय राम मंदिर संग्रहालय के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा के बाद भक्तों व पर्यटकों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, जिसके बाद एक बड़े सांस्कृतिक संग्रहालय की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। कैबिनेट की मंजूरी से अब इसके निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

खिलाड़ियों के हक में अहम फैसला

योगी कैबिनेट ने प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी है। अब अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए लगने वाला समय और आवाजाही में व्यतीत अवधि भी कर्तव्यार्थ व्यतीत अवधि (ड्यूटी) मानी जाएगी। यह फैसला उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली, 2022 के अंतर्गत सेवायोजित खिलाड़ियों के लिए किया गया है।

दिव्यांगों और शहरी विकास से जुड़े अहम फैसले

दिव्यांग पुनर्वास केंद्र: प्रदेश के दिव्यांगजनों को बड़ी राहत देते हुए प्रदेश के हर मंडल मुख्यालय पर जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की स्थापना को मंजूरी दी गई है।

पेयजल योजनाएँ: अटल नवीकरण और शहरी रूपांतरण मिशन-2.0 के तहत कानपुर में पेयजल योजना के लिए पाइप लाइन विस्तार और नगर निगम बरेली में पेयजल पुनर्गठन योजना फेज-1 के लिए 265.95 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है।

इंटीग्रेटेड टाउनशिप: अब न्यूनतम 12.50 एकड़ जमीन पर भी इंटीग्रेटेड टाउनशिप विकसित की जा सकेगी। निष्क्रिय परियोजनाओं को निरस्त करने और क्रियाशील परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए नीति के निर्धारण को भी मंजूरी मिली है।

कानपुर हॉस्पिटल: कानपुर नगर में दि जार्जिना मैकराबर्ट मेमोरियल हॉस्पिटल की 45,000 वर्ग मीटर नजूल भूमि को मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल स्थापित करने के लिए कानपुर विकास प्राधिकरण को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव पास किया गया है।

Also Read: Lucknow News: कफ सिरप सिंडिकेट मामले में बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.