UP पुलिस भर्ती में योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 32,679 पदों पर आयु सीमा में मिली 3 साल की छूट

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस और जेल विभाग में भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों प्रतियोगियों को नए साल का सबसे बड़ा उपहार दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आगामी 32,679 पदों की सीधी भर्ती में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट देने का फैसला किया गया है। शासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

इन पदों पर लागू होगी छूट

यह राहत केवल किसी एक विभाग के लिए नहीं, बल्कि पुलिस और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विंग्स के लिए है। इस भर्ती प्रक्रिया में निम्नलिखित पदों को शामिल किया गया है:

आरक्षी नागरिक पुलिस (Civil Police)

पीएसी (PAC)

विशेष सुरक्षा बल (SSF)

महिला बटालियन

जेल वार्डर

सभी वर्गों को मिलेगा समान लाभ

मुख्यमंत्री के इस फैसले की सबसे खास बात यह है कि आयु सीमा में यह 3 वर्ष की छूट सभी वर्गों (सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी) के अभ्यर्थियों को दी गई है। पिछले कुछ समय से अभ्यर्थी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से मांग कर रहे थे कि कोरोना काल या अन्य कारणों से भर्ती में हुई देरी की वजह से उनकी उम्र निकल गई है। मुख्यमंत्री ने उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए यह ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

जल्द शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

32,679 पदों की इस विशाल भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड जल्द ही विस्तृत विज्ञापन और आवेदन की तिथियां घोषित करेगा। इस छूट के बाद अब उन युवाओं में भी उत्साह है जो पहले ओवरएज होने के कारण इस दौड़ से बाहर हो गए थे।

Also Read: प्रयागराज में IAS के बंगले पर पुलिस की रेड, चल रहा था जिस्मफरोशी का धंधा, 9 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.