सीएम योगी ने बदले दो और नाम, हरदोई का हाजीपुर बना सियारामपुर, फिरोजाबाद में उरमुरा किरार का नाम हुआ हरिनगर
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए हरदोई और फिरोजाबाद की दो पंचायतों के नाम बदलने का फैसला लिया है। सरकार के इस कदम के बाद स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है और उन्होंने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी है।
जिले के भरावन विकास खंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत हाजीपुर अब ‘सियारामपुर’ के नाम से पहचानी जाएगी। स्थानीय निवासियों का कहना था कि वे लंबे समय से इस बदलाव की प्रतीक्षा कर रहे थे। ग्रामीणों की दलील थी कि गांव की नई पहचान उनकी सांस्कृतिक और धार्मिक भावनाओं के अनुरूप होनी चाहिए, जिसे सरकार ने अब स्वीकार कर लिया है।
दूसरा बड़ा बदलाव फिरोजाबाद जिले की शिकोहाबाद तहसील में हुआ है। यहां विकास खंड शिकोहाबाद की ग्राम पंचायत ‘वासुदेवमई’ के अंतर्गत आने वाले गांव उरमुरा किरार का नाम बदलकर अब ‘हरिनगर’ कर दिया गया है। ग्रामीणों की मांग पर शासन ने इस नए नाम की अधिसूचना जारी करने के निर्देश दिए हैं।
क्यों बदले गए नाम
योगी सरकार के अनुसार, इन गांवों के नाम बदलने का फैसला पूरी तरह से स्थानीय लोगों की मांग और जनहित को ध्यान में रखकर लिया गया है। ग्रामीणों ने कई बार जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री तक अपनी यह इच्छा पहुंचाई थी कि वे अपने गांव को इन नए नामों से पहचान दिलाना चाहते हैं।
Also Read: सीएम योगी से मिले गोदान फिल्म के निर्माता-निर्देशक, ट्रेलर लांच

