सड़क पर नियम तोड़ने वालों पर योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई, एक हफ्ते में लाखों वाहनों पर एक्शन

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे उत्तर प्रदेश में पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत एक बड़ा अभियान चलाया। महिलाओं की सुरक्षा और यातायात अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक सभी 75 जिलों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 8.5 लाख से अधिक गाड़ियों की जांच की गई और 2.45 लाख से ज्यादा पर एक्शन लिया गया।

काली फिल्म, हूटर और बत्तियों पर बड़ी कार्रवाई

पुलिस मुख्यालय की नोडल अधिकारी एडीजी पद्मजा चौहान के अनुसार, पूरे प्रदेश में 24,457 पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात रहे, जिन्होंने 71,473 स्थानों पर वाहनों की जांच की।
इस दौरान:

  • 9,488 वाहनों से काली फिल्में हटाई गईं,
  • 2,817 हूटर और 1,087 लाल-नीली बत्तियां जब्त की गईं,
  • 14,504 वाहनों पर लिखे जातिसूचक शब्द हटवाए गए।

एडीजी चौहान ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में काली फिल्में मददगार साबित होती हैं, इसलिए इन पर सख्ती से रोक लगाई गई है।

स्टंटबाजों पर शिकंजा, सैकड़ों गिरफ्तार

अभियान के दौरान पुलिस ने 55,832 स्थानों पर चेकिंग की और 5,26,000 से अधिक वाहनों को रोका।

  • 770 स्टंटबाजी के मुकदमे दर्ज किए गए,
  • 263 स्टंटबाज गिरफ्तार हुए,
  • 31,609 चालान जारी किए गए,
  • 1,388 वाहन सीज किए गए।

एडीजी चौहान ने कहा कि स्टंटबाज सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं, इसलिए सख्त कार्रवाई की गई।

फुट पेट्रोलिंग और सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी से बढ़ी सुरक्षा की भावना

अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने 57,000 से अधिक स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग की। वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर थाना प्रभारियों तक ने सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

  • 7,44,000 लोगों की जांच की गई,
  • 52,000 स्थानों पर पीआरवी टीमों ने गश्त की।

इससे बाजारों, स्कूलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं को सुरक्षा की भावना मिली।

कुल कार्रवाई का सारांश:

  • 1,93,829 वाहनों का चालान
  • 3,654 वाहन सीज
  • 251 एफआईआर दर्ज
  • 450 गिरफ्तारियां
  • 3,38,305 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया

“महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

योगी आदित्यनाथ,मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश

अधिकारियों के मुताबिक यह अब तक का सबसे व्यापक अभियान रहा, जिससे प्रदेशभर में पुलिस की सख्त और संवेदनशील छवि एक साथ सामने आई।

Also Read: 93वां वायुसेना दिवस: एयर चीफ मार्शल बोले- तकनीक, कौशल और साहस में अग्रणी है IAF

Get real time updates directly on you device, subscribe now.