यूपी में 5 लाख करोड़ का निवेश लाने की तैयारी, योगी सरकार नवंबर में करेगी 5वीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में औद्योगिक विकास को एक नई रफ्तार देने की योजना बनाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹5 लाख करोड़ से अधिक की निजी निवेश परियोजनाओं के साथ पांचवें ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (GBC@5) के आयोजन की तैयारी के निर्देश दिए हैं। यह सेरेमनी नवंबर में आयोजित की जाएगी।

औद्योगिक विकास विभाग की एक उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते साढ़े आठ सालों में ‘रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र के साथ अब तक चार ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी हो चुकी हैं। इन सेरेमनी के जरिए 15 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाएं जमीन पर उतरी हैं और 60 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिला है।

किसानों को मिलेगा अच्छा मुआवज़ा, निवेशकों को मिलेगी आसानी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को सामंजस्य के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जमीन किसानों की जीवन भर की पूंजी है, इसलिए उन्हें अच्छा मुआवजा मिलना चाहिए और किसी तरह का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सभी औद्योगिक विकास प्राधिकरण किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए मुआवजे की दर बढ़ाने पर विचार करें।

इसके अलावा, योगी ने कहा कि जो कंपनियां जमीन आवंटित होने के बाद तीन साल तक उसका इस्तेमाल नहीं करतीं, उनकी जमीन रद्द कर दी जाए और वह किसी अन्य निवेशक को दे दी जाए। उन्होंने ‘निवेश मित्र’ और ‘निवेश सारथी’ पोर्टलों को और भी आसान बनाने पर जोर दिया, ताकि छोटे-बड़े किसी भी निवेशक को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

हर जिले में बनेगा ‘विशेष रोजगार ज़ोन’

मुख्यमंत्री ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य के हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित एक ‘विशेष रोजगार ज़ोन’ विकसित किया जाएगा। शुरुआती चरण में कम से कम 100 एकड़ में यह ज़ोन बनाया जाएगा। यह क्षेत्र उद्योग, निवेश, उद्यमशीलता, कौशल विकास और रोजगार का केंद्र बनेगा, जो पूरे देश के लिए एक मॉडल साबित होगा। इस बैठक में 2025-26 के लिए विनिर्माण क्षेत्र का ₹5 लाख करोड़ का लक्ष्य भी तय किया गया है। इसके लिए नई औद्योगिक इकाइयों के पंजीकरण की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

Also Read: ‘हाइड्रोजन बम की जगह फुलझड़ी निकली’, अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर कसा तंज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.