योगी सरकार का बड़ा फैसला, UP में कफ सिरप ‘कोल्ड्रिफ’ बैन
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश और राजस्थान में दूषित कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत की गंभीर घटनाओं के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार तत्काल प्रभाव से अलर्ट हो गई है। राज्य सरकार ने खतरनाक रसायन युक्त कफ सिरप ‘कोल्ड्रिफ’ (Coldrif Syrup) को पूरे प्रदेश में प्रतिबंधित कर दिया है।
सहायक आयुक्त औषधि ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। आदेश के मुताबिक, किसी भी सरकारी या निजी दवा की दुकान अथवा अस्पतालों में इस सिरप की खरीद-फरोख्त नहीं होगी।
जहरीले रसायन की पुष्टि
मध्य प्रदेश की एक लैब रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि ‘कोल्ड्रिफ’ सिरप में डाइएथिलीन ग्लाइकॉल (Diethylene Glycol) नामक जहरीला रसायन मौजूद है। यह रसायन इंसानों के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है। जानकारी के अनुसार, इस जहरीले केमिकल के सेवन से मध्य प्रदेश और राजस्थान में अब तक 11 से अधिक बच्चों की मौत हो चुकी है।
यह वही सिरप है, जिसके कारण मध्य प्रदेश, राजस्थान और केरल में बच्चों की किडनी फेल होने और मौत की घटनाएं सामने आई हैं। यह सिरप तमिलनाडु के कांचीपुरम स्थित श्री सन फार्मास्युटिकल कंपनी (Sresan Pharmaceutical Company) द्वारा निर्मित है।
राज्यभर में जांच के आदेश
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश ने राज्यभर में सभी कफ सिरप की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहाँ भी ‘कोल्ड्रिफ’ सिरप पाया जाता है, उसे जब्त करके सैंपल की तुरंत जांच कराई जाए।
Also Read: लखनऊ: दहेज प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने दूसरी मंजिल से कूदी, पति प्रोफेसर गिरफ्तार

