रक्षाबंधन-जन्माष्टमी से पहले योगी सरकार का तोहफा, 36 लाख से अधिक निराश्रित महिलाओं को मिली पेंशन

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के त्योहारों से पहले राज्य की निराश्रित महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महिला कल्याण विभाग ने पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) की पेंशन राशि समय से पहले जारी कर दी है।

इस योजना के तहत 36,75,623 लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में ₹1115.64 करोड़ की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई है। यह राशि पीएफएमएस (Public Financial Management System) के माध्यम से उनके आधार-लिंक्ड खातों में भेजी गई है। ताकि उन्हें त्योहारों के दौरान कोई आर्थिक परेशानी न हो।

योजना से महिलाओं को मिल रही है आर्थिक और सामाजिक मजबूती

महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित यह योजना 18 वर्ष से अधिक उम्र की उन महिलाओं के लिए है। जिनके पति का निधन हो चुका है। जो उत्तर प्रदेश की स्थायी निवासी हैं और जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय ₹2 लाख से कम है। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को प्रतिमाह ₹1000 की पेंशन दी जाती है।

इस कदम का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। महिला कल्याण विभाग की निदेशक संदीप कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।

ऑनलाइन आवेदन कर उठा सकती हैं लाभ

इच्छुक और पात्र महिलाएं इस योजना का लाभ उठाने के लिए sspy-up.gov.in वेब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। यह डिजिटल प्रक्रिया योजना में पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित करती है। विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि आवेदनों की जांच तेजी और निष्पक्षता से हो ताकि अधिक से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो सकें।

 

Also Read: Bareilly News: सीएम योगी ने दी बरेली मंडल की विकास योजनाओं को हरी झंडी, इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष जोर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.