योगी सरकार का होली गिफ्ट, 28 फरवरी को ही आ जाएगी सरकारी कर्मचारियों की सैलरी
Lucknow News: होली के पावन पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि प्रदेश के सभी नियमित और अस्थायी कर्मचारियों का फरवरी माह का वेतन हर हाल में होली से पहले उनके खातों में पहुँच जाना चाहिए।
आने वाले दिनों में लगातार सरकारी छुट्टियों को देखते हुए सरकार ने निर्णय लिया है कि फरवरी महीने की सैलरी 28 फरवरी को ही जारी कर दी जाएगी। यह आदेश राज्य कर्मचारियों के साथ-साथ सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, तकनीकी संस्थानों और स्थानीय निकायों के कर्मचारियों पर भी समान रूप से लागू होगा।
मुख्यमंत्री ने विशेष तौर पर निर्देश दिए हैं कि केवल पक्के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि आउटसोर्सिंग, संविदाकर्मी और सफाईकर्मियों के भुगतान में भी कोई देरी नहीं होनी चाहिए। सीएम ने स्पष्ट किया है कि त्योहार पर हर उस हाथ में पैसा होना चाहिए जो दिन-रात जनता की सेवा में जुटा रहता है।
पेंशनरों की भी हुई बल्ले-बल्ले
कर्मचारियों के साथ ही प्रदेश के लाखों पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को भी फरवरी माह की पेंशन 28 फरवरी को ही दे दी जाएगी। वित्त विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे कोषागारों (Treasuries) के साथ समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी लाभार्थी को त्योहार के समय पैसों की किल्लत न हो।
लापरवाही करने वाले अफसरों पर गिरेगी गाज
योगी सरकार ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी है। सीएम ने कहा है कि यदि वेतन भुगतान में किसी भी स्तर पर देरी या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार के इस फैसले से यूपी के करीब 35 लाख कर्मचारियों और लाखों पेंशनरों के परिवारों में खुशी की लहर है।
Also Read: JNU प्रदर्शन मामला: पटियाला हाउस कोर्ट ने सभी 14 आरोपी छात्रों को दी जमानत

