योगी का वाराणसी दौरा कल: बाढ़ राहत कार्यों और मॉरीशस पीएम के आगमन की तैयारियों की करेंगे समीक्षा

Varanasi News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच रहे हैं। इस दौरे का मुख्य मकसद मॉरीशस के प्रधानमंत्री के आगामी आगमन की तैयारियों की समीक्षा करना और शहर में जारी बाढ़ राहत कार्यों का जायजा लेना है।

तैयारियों की समीक्षा करेंगे

सीएम योगी शाम करीब 4:30 बजे प्रतापगढ़ से हेलीकॉप्टर द्वारा वाराणसी पुलिस लाइन पहुंचेंगे और सीधे सर्किट हाउस जाएंगे। शाम 5:15 बजे से वे मॉरीशस के प्रधानमंत्री की 11 सितंबर को होने वाली वाराणसी यात्रा और द्विपक्षीय बैठक की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

इसके बाद, मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और शहर में चल रहे विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे। अपने दौरे के दौरान, मुख्यमंत्री बाढ़ राहत शिविर में जाकर बाढ़ से प्रभावित लोगों से मिलेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। रात में वे सर्किट हाउस में ही विश्राम करेंगे।

गंगा और वरुणा में बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण

अगले दिन सुबह, सीएम योगी नमो घाट से नाव के जरिए गंगा और वरुणा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वे इस दौरान बाढ़ की स्थिति और उससे निपटने के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लेंगे। इस निरीक्षण के बाद वे वापस लखनऊ लौट जाएंगे। यह दौरा वाराणसी में चल रहे प्रमुख कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करने और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के आगमन की तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रिपोर्टः मदन मुरारी पाठक

Also Read: Ghazipur News: मुख्तार के शूटरों ने मांगी 5 लाख की रंगदारी, धमकी- गोली मारकर लाश गंगा में बहा देंगे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.