Siddharthnagar: नहर किनारे मिलेगी हरियाली की सौगात, 1 से 7 जुलाई तक चलेगा पौधारोपण अभियान
Sandesh Wahak Digital Desk: जिले की नहरों के किनारे हरियाली बढ़ाने के लिए बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। 1 से 7 जुलाई के बीच 251 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत 291 किलोमीटर नहर किनारे पौधारोपण किया जाएगा। इसी को लेकर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में लोहिया कलाभवन में ग्राम प्रधानों के साथ बैठक हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों से कहा, यह अभियान तभी सफल होगा जब हम सब मिलकर काम करेंगे। अगले तीन दिनों में पौधारोपण वाले स्थानों पर गड्ढे खुदवाकर तैयार कर लें। जन सहयोग से हम इस कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।

उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि पर एक साथ नहरों और नदियों के किनारे पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी स्थानीय लोगों को ही निभानी होगी। जिलाधिकारी ने इस अभियान में सहयोग के लिए ग्राम प्रधानों, विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।

इस मौके पर डीएम के अलावा डीसी मनरेगा संदीप सिंह, सभी खंड विकास अधिकारी, सिंचाई विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: लखनऊ: 10% गृहकर छूट का आखिरी मौका, रविवार को भी खुलेगा नगर निगम

