Bihar SIR: ‘आपका नाम 416वें नंबर पर दर्ज है’, तेजस्वी यादव के आरोपों पर चुनाव आयोग ने दिया जवाब
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने आज (शनिवार) आरोप लगाया कि उनका नाम चुनाव आयोग द्वारा जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है।
पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी ने कहा, “मैंने बिहार में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत फॉर्म भरा था, लेकिन ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में मेरा नाम नहीं दिख रहा। मैं ऐसे विधानसभा चुनाव कैसे लड़ पाऊंगा?”
तेजस्वी ने अपने मोबाइल फोन पर चुनाव आयोग की आधिकारिक एप्लिकेशन के जरिए EPIC नंबर डालकर जांच की और दावा किया कि उनका नाम लिस्ट में नहीं है। उन्होंने इस बात का वीडियो भी मीडिया को दिखाया।

चुनाव आयोग का स्पष्टीकरण
इस दावे पर चुनाव आयोग (ECI) ने स्पष्ट किया कि तेजस्वी यादव का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 416वें नंबर पर दर्ज है।
आयोग ने कहा, “तेजस्वी यादव का यह दावा कि उनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, तथ्यात्मक रूप से गलत और झूठा है।”
चुनाव आयोग ने आगे बताया कि बिहार में SIR प्रक्रिया के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई है, जो अंतिम लिस्ट नहीं है। अंतिम वोटर लिस्ट 1 सितंबर 2025 को प्रकाशित की जाएगी, जिसके बाद सभी मतदाता और राजनीतिक दल संशोधनों के लिए दावे-आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
फाइनल वोटर लिस्ट से पहले है संशोधन की प्रक्रिया
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भी पहले आश्वासन दिया है कि 1 अगस्त से 1 सितंबर के बीच मतदाताओं को संशोधन के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा।
यदि तेजस्वी यादव का नाम वाकई में वोटर लिस्ट में शामिल नहीं होता, तो उनके पास इसे सुधारने का पूरा मौका होगा।
इस विवाद के बीच, चुनाव आयोग ने मतदाता सूची की पारदर्शिता और सही जानकारी पर भरोसा जताया है, जबकि विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
Also Read: शिकोहपुर जमीन घोटाला मामले में रॉबर्ट वाड्रा की बढ़ी मुश्किलें, कोर्ट ने जारी किया नोटिस

