गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 1 करोड़ रुपये के साथ युवक गिरफ्तार, बिहार चुनाव से तार जुड़ने की आशंका
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश की गोरखपुर रेलवे पुलिस (GRP) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। GRP ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को लगभग 1 करोड़ रुपये की नगद राशि के साथ गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति इतनी बड़ी रकम लेकर बिहार के मोकामा जाने की फिराक में था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकुंद माधव (35) के रूप में हुई है, जो पटना जिले के मोकामा के रामचरण टोला का निवासी है। GRP सीओ बीके सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे वीआईपी गेट पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध लगने पर मुकुंद माधव को रोका गया। उसकी अटैची की तलाशी लेने पर कुल 99 लाख 9 हज़ार रुपये बरामद हुए। आरोपी ने बताया कि वह यह पैसा गोरखपुर से लेकर वैशाली ट्रेन से बिहार के मोकामा जा रहा था। GRP ने तुरंत पैसा जब्त कर लिया है और इनकम टैक्स विभाग को इसकी जानकारी दे दी है, साथ ही आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं। मोकामा में पहले चरण के तहत 6 नवंबर को ही मतदान संपन्न हुआ है। चुनाव के माहौल में इतनी बड़ी बेहिसाब नगदी का मिलना कई सवाल खड़े करता है और इसके तार चुनाव में इस्तेमाल होने की ओर इशारा कर रहे हैं। यही वजह है कि यूपी पुलिस सीमावर्ती जिलों पर खास नज़र बनाए हुए है।
Also Read: आगरा में रिश्वतखोरी पर बड़ा एक्शन, ‘जूते मांगने’ वाले 2 सिपाही सस्पेंड; 9 के खिलाफ जांच के आदेश

