भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस ने शर्ट उतारकर किया प्रदर्शन, BJP ने कहा- वैश्विक स्तर पर देश को शर्मिंदा कर रही पार्टी
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित ‘AI इम्पैक्ट समिट’ आज राजनीति का अखाड़ा बन गई। भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के कार्यकर्ताओं ने भारत और अमेरिका के बीच होने वाली प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है।
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता समिट के अंदर टी-शर्ट पहनकर पहुंचे थे, जिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो बनी थी। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने ये टी-शर्ट उतार दीं और नारेबाजी शुरू कर दी। संगठन ने सोशल मीडिया (X) पर लिखा कि जब विदेश नीति में कॉर्पोरेट दबाव और चुप्पी हावी हो जाए, तो साफ है कि पीएम मोदी कंप्रोमाइज्ड हैं। हम इसी सच्चाई को बेनकाब करने पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार की विदेश नीति के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
इस प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी ने इसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि खराब करने वाला कृत्य बताया। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि लोकतांत्रिक विरोध का हक सबको है, लेकिन ग्लोबल इमेज को नुकसान पहुंचाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीजेपी नेताओं ने कहा कि जब दुनिया भारत की ओर देख रही है, तब कांग्रेस के ऐसे प्रदर्शन देश को नीचा दिखाते हैं।
दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 5 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर हाई-सिक्योरिटी वाले इस इवेंट में ये कार्यकर्ता अंदर कैसे पहुंचे? क्या उन्होंने किसी वैध ‘पास’ का इस्तेमाल किया? या फिर क्यूआर कोड के जरिए अंदर प्रवेश पाने में सफल रहे?
#WATCH | Delhi: Indian Youth Congress workers staged a topless protest and chanted anti-Modi slogans at Bharat Mandapam
(Source: Indian Youth Congress) pic.twitter.com/WCZgCMwkFZ
— ANI (@ANI) February 20, 2026
क्या है वो ट्रेड डील जिसका हो रहा विरोध
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में जानकारी दी थी कि भारत और अमेरिका के बीच एक अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट मार्च में साइन होने वाला है, जो अप्रैल से लागू हो जाएगा। इसके अलावा यूके और ओमान के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) अप्रैल में शुरू होने की उम्मीद है। न्यूजीलैंड के साथ समझौता सितंबर तक लागू हो सकता है। इसी सिलसिले में 23 फरवरी को भारतीय अधिकारियों की टीम अमेरिका के साथ अंतिम कानूनी मसौदे (Legal Text) पर चर्चा के लिए रवाना होने वाली है।
Also Read: लखनऊ में GST कर चोरी के सिंडिकेट का भंडाफोड़, 4.70 करोड़ का फर्जी लेन-देन उजागर, 3 जालसाज गिरफ्तार

