Azamgarh News: खेत का मेड काटने पर खूनी विवाद, फावड़े से काटकर युवक की हत्या, चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

Azamgarh News: आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के श्रीही मनोरथपुर दुबौली गांव में देर रात खेत की मेड़ (मेड़बंदी) काटने को लेकर हुए एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस विवाद में फावड़े से हमला कर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह दिल दहला देने वाली घटना शनिवार रात करीब 12 बजे घटी, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। रात 1 बजे रौनापार थाने की पुलिस और डायल 112 को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुँची और कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 40 वर्षीय जितेंद्र चौहान पुत्र मुसाफिर चौहान के रूप में हुई है। जितेंद्र चौहान का गांव के ही सुगन चौहान के साथ जमीन संबंधी पुराना विवाद चल रहा था, जिसे लेकर दोनों पक्षों में अक्सर झगड़ा होता रहता था।

शनिवार की रात करीब 12 बजे मेड़ काटने की बात को लेकर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। बातचीत से शुरू हुआ विवाद जल्द ही लाठी, डंडे और लोहे के रॉड तक जा पहुँचा। इसी बीच, सुगन चौहान ने धारदार हथियार फावड़े से जितेंद्र चौहान पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ देर में ही उसने मौके पर दम तोड़ दिया।

चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के परिजनों ने इस मामले में सुगन चौहान, इंद्रपाल चौहान, राबड़ी देवी और पार्वती देवी के विरुद्ध रौनापार थाने में शिकायती पत्र दिया है। पुलिस ने इन चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पूरा मामला पुराने जमीनी विवाद को लेकर हुआ था और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Also Read: ICC World Cup Semi-Final: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महामुकाबला तय, जानिए कब और कहां होगा मैच

Get real time updates directly on you device, subscribe now.