वाराणसी में चुनाव आयोग के समर्थन में सड़कों पर उतरे युवा, राहुल गांधी और CJP के खिलाफ हुंकार

Varanasi News: उत्तर प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक नगर वाराणसी में शनिवार को राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज रही। युवा परिषद के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ता कॉकरोच जनता पार्टी और कांग्रेस के विरोध में सड़कों पर उतर आए। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के समर्थन में निकाले गए इस न्याय मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि संवैधानिक संस्थाओं पर बेवजह सवाल उठाने से पहले विपक्ष को आत्ममुग्धता छोड़कर जवाब देना चाहिए।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में राहुल गांधी इस्तीफा दो, नक्सलियों के यार कॉकरोच, देश के गद्दार कॉकरोच और एक समोसा दो मिठाई, कॉकरोचों की होगी पिटाई जैसे तीखे नारों वाले बैनर-पोस्टर नजर आए। युवा वर्ग ने जमकर नारेबाजी करते हुए CJP और कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ साजिश बर्दाश्त नहीं

मीडिया से बातचीत करते हुए एडवोकेट एके सिंह ने कहा कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आड़ में देश की मजबूत संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है, जिसे वाराणसी का युवा (Gen-Z) कतई सहन नहीं करेगा। उन्होंने दो टूक कहा कि देश का लोकतंत्र केवल निष्पक्ष चुनाव आयोग की वजह से मजबूत है, जहां पिछले चुनावों में 98 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यदि विपक्ष के पास कोई ठोस सबूत हैं, तो उन्हें सड़कों पर कोहराम मचाने के बजाय अदालत का दरवाजा खटखटाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, हम भारत को नेपाल, श्रीलंका या बांग्लादेश जैसा नहीं बनने देंगे। यह सिर्फ एक सांकेतिक मार्च है, अगर विपक्ष अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो लाखों युवा सड़कों पर उतरकर उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे।

विदेशी फंडिंग और अस्थिरता फैलाने का आरोप

एक अन्य प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि देश में अशांति फैलाने के लिए विदेशी ताकतों से फंडिंग प्राप्त करने वाले तत्व सक्रिय हैं, जो भारत को अस्थिर करना चाहते हैं। युवाओं ने साफ कर दिया कि देश की संप्रभुता और संवैधानिक मर्यादाओं से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Also Read: रांची में मिली हार के बाद इंदौर जाएगी टीम इंडिया, एयरपोर्ट पर जुटे फैंस, जानें कब होगा अगला मैच?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.