युजवेंद्र चहल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से लिया संन्यास, वनडे-T20 में वापसी पर नजर
Sports News: भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया है। उनका यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
हालांकि, चहल ने साफ किया है कि वह वनडे और टी20 क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे और भारतीय टीम में वापसी के लिए पूरी कोशिश करेंगे।
चहल ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए रेड-बॉल क्रिकेट को अलविदा कहा। उन्होंने लिखा कि उनके लिए यह फॉर्मेट सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि धैर्य, संघर्ष और चरित्र सीखने का जरिया रहा है।
भारत के लिए टेस्ट खेलने और टेस्ट कैप पहनने का सपना उनका हमेशा से रहा, लेकिन यह पूरा नहीं हो सका। इसके बावजूद उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में मिले अवसरों के लिए आभार जताया।
49 मैचों में लिए 148 विकेट
चहल ने 2009 में हरियाणा की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने 49 मैचों में 148 विकेट हासिल किए।
हाल ही में वह इंग्लिश काउंटी क्लब नॉर्थम्पटनशायर की ओर से खेले। लॉर्ड्स में मिडलसेक्स के खिलाफ मुकाबला उनका आखिरी फर्स्ट क्लास मैच रहा।
2026 काउंटी चैंपियनशिप में उन्होंने 21 विकेट लिए।
‘द लास्ट डांस’ पोस्ट के बाद हुआ था संन्यास का अनुमान
23 सितंबर को लॉर्ड्स से तस्वीरें साझा करते हुए चहल ने ‘द लास्ट डांस’ कैप्शन लिखा था। इसके बाद उनके संन्यास को लेकर अटकलें लगने लगी थीं।
अब फर्स्ट क्लास क्रिकेट से उनके संन्यास के ऐलान के साथ रेड-बॉल क्रिकेट का उनका सफर समाप्त हो गया है।
चहल भारत के लिए 72 वनडे और 80 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। वनडे में उनके नाम 121 और टी20 इंटरनेशनल में 96 विकेट हैं।
उन्होंने आखिरी वनडे जनवरी 2023 और आखिरी टी20 इंटरनेशनल अगस्त 2023 में खेला था। अब उनका लक्ष्य सीमित ओवरों के क्रिकेट में एक और मौका हासिल करना है।
Also Read: कोलकाता की मछली पर फिदा ब्राजील के फुटबॉल सितारे, डाइट में बंगाल के स्वाद को मिली जगह

