यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की का बड़ा दावा, रूसी सेना के साथ लड़ रहे हैं चीन और पाकिस्तान के भाड़े के सैनिक

Sandesh Wahak Digital Desk: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा है कि रूसी सेना के साथ चीन और पाकिस्तान समेत कई देशों के भाड़े के सैनिक मिलकर लड़ रहे हैं। यह बयान उन्होंने यूक्रेन के पूर्वी हिस्से में स्थित वोवचांस्क क्षेत्र में सैनिकों से मिलने के बाद दिया।

जेलेंस्की ने बताया कि वोवचांस्क में तैनात यूक्रेनी सैनिकों ने उन्हें इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, आज मैं उन सैनिकों के साथ था, जो हमारे देश की रक्षा कर रहे हैं। कमांडरों से हमारी अग्रिम मोर्चे की स्थिति और युद्ध की गतिशीलता पर बात हुई।

उन्होंने आगे लिखा, हमारे सैनिकों ने बताया कि युद्ध में चीन, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, पाकिस्तान और अफ्रीकी देशों के भाड़े के सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। हम इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। जेलेंस्की ने देश के लिए लड़ रहे बहादुर सैनिकों का आभार भी व्यक्त किया और उन्हें राजकीय सम्मान से नवाजा।

यूक्रेनी मीडिया ‘यूक्रिनफॉर्म’ के मुताबिक, 5 अगस्त को रूस और यूक्रेन के सैनिकों के बीच 143 मुठभेड़ें हुईं। इनमें से सबसे भयंकर लड़ाई पोक्रोवस्क सेक्टर में हुई। यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने 6 अगस्त की सुबह तक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि रूसी सेना ने यूक्रेनी ठिकानों और रिहायशी इलाकों पर दो मिसाइल और 107 हवाई हमले किए। जवाब में, यूक्रेनी सेना ने 14 रूसी ठिकानों को निशाना बनाया, जिनमें तोपखाने प्रणालियां और सैनिकों के ठिकाने शामिल थे।

Also Read: Ayodhya News: इग्नू में प्रवेश की अंतिम तिथि 15 अगस्त तक बढ़ी : प्रो. हिमांशु सिंह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.