मीरा नायर के बेटे जोहरान ममदानी बने न्यूयॉर्क शहर के पहले मुस्लिम मेयर, कुरान पर हाथ रखकर ली शपथ

Sandesh Wahak Digital Desk: साल 2026 की पहली सुबह न्यूयॉर्क शहर के लिए ऐतिहासिक रही। भारतीय मूल की मशहूर फिल्म निर्माता मीरा नायर के बेटे और डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नेता जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क के 112वें मेयर के रूप में शपथ ले ली है। जोहरान न केवल इस प्रतिष्ठित पद पर बैठने वाले पहले मुस्लिम मेयर हैं, बल्कि वे न्यूयॉर्क के इतिहास के सबसे कम उम्र के मेयर भी बन गए हैं।

सबवे स्टेशन पर अनोखा शपथ ग्रहण

जोहरान ममदानी ने शपथ लेने के लिए एक बेहद खास जगह चुनी। उन्होंने मैनहट्टन के सिटी हॉल पार्क के नीचे बने उस पुराने सबवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर शपथ ली, जो 1945 से आम जनता के लिए बंद है। 1904 में बना यह स्टेशन न्यूयॉर्क के विकास और नवाचार का प्रतीक माना जाता है।

अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स ने उन्हें शपथ दिलाई। इस दौरान जोहरान ने कुरान पर हाथ रखकर पद की गोपनीयता की शपथ ली, जो अमेरिकी राजनीति में एक दुर्लभ और ऐतिहासिक पल था।

भारत से है गहरा नाता

जोहरान ममदानी का परिवार कला और शिक्षा जगत का बड़ा नाम है।

माता: मशहूर फिल्म निर्देशक मीरा नायर, जिन्होंने ‘सलाम बॉम्बे’ और ‘मानसून वेडिंग’ जैसी कालजयी फ़िल्में बनाई हैं।

पिता: कोलंबिया यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर महमूद ममदानी, जो एक जाने-माने शिक्षाविद हैं। जोहरान की मां भारत के हिंदू परिवार से हैं, जबकि उनके पिता के पूर्वज भी भारतीय मूल के ही थे। जोहरान खुद को एक बहुसांस्कृतिक पहचान वाले नेता के रूप में पेश करते हैं।

18 अक्टूबर 1991 को युगांडा के कम्पाला में जन्मे जोहरान का सफर काफी दिलचस्प रहा है। युगांडा से दक्षिण अफ्रीका और फिर न्यूयॉर्क पहुँचने वाले जोहरान ने ब्रोंक्स हाई स्कूल और बॉडॉइन कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की। 2017 में वे ‘डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका’ से जुड़े और अपनी सक्रियता के दम पर आज न्यूयॉर्क के सबसे शक्तिशाली पद तक जा पहुँचे।

Also Read: SA 20: लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के… ब्रेविस–रदरफोर्ड का तूफान, 11 बार मैदान से बाहर गई गें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.