सिद्धार्थनगर में 35 लाख की बैंक ठगी का खुलासा, ICICI बैंक का पूर्व कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद की साइबर क्राइम थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने करीब 35 लाख रुपये की हाईटेक धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस जालसाज ने बैंक खाते से जुड़े रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को चालाकी से बदलवाकर नया एटीएम कार्ड जारी कराया और फिर यूपीआई के जरिए लाखों रुपये पार कर दिए।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत प्रसाद के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम रोहिणी यादव के मार्गदर्शन में अमल में लाई गई। साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम सुन्दर तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सटीक सूचना के आधार पर संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के ग्राम सेहुड़ा से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मोहम्मद शबान अख्तर (पुत्र अब्दुल हाफिज) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बस्ती जिले के पैकवलिया थाना अंतर्गत पेंडरिया का निवासी है।

बैंक में नौकरी के दौरान आया था लालच

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी मोहम्मद शबान अख्तर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह पहले आईसीआईसीआई बैंक में कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। ड्यूटी के दौरान उसकी नजर एक ऐसे खाते पर पड़ी जिसमें भारी-भरकम रकम जमा थी। पैसों के लालच में आकर उसने बैंक सिस्टम का दुरुपयोग किया और उस खाते से लिंक मोबाइल नंबर को बदल दिया।

इसके बाद शातिर ने चुपके से एक नया एटीएम कार्ड जारी करवाकर अपने पास रख लिया। एटीएम एक्टिवेट होते ही उसने यूपीआई आईडी बनाई और अलग-अलग ट्रांजैक्शंस के माध्यम से खाते से करीब 35 लाख रुपये उड़ा दिए।

पहचान वालों के खातों का किया इस्तेमाल: आरोपी ने खुलासा किया कि पकड़े जाने के डर से उसने ठगी की इस बड़ी रकम को सीधे अपने खाते में न भेजकर अपने कुछ करीबियों और परिचितों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया था, जहां से उसने बाद में कैश निकाल लिया। साइबर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया है और मामले से जुड़े अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: सिद्धार्थनगर में 35 लाख की बैंक ठगी का खुलासा, ICICI बैंक का पूर्व कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.